Uttarakhand: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने केदारनाथ यात्रा तैयारियों का लिया जायजा, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

Uttarakhand: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने केदारनाथ यात्रा तैयारियों का लिया जायजा, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियों का जायजा लेने के लिए राज्य के मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने शनिवार को केदारनाथ धाम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुनर्निर्माण कार्यों के साथ-साथ यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी गहन निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्य सचिव ने मंदाकिनी और सरस्वती नदियों पर बनाए गए बेली ब्रिज का निरीक्षण करते हुए बताया कि पुल का कार्य पूरा कर लिया गया है, जिससे यात्रियों के आवागमन में काफी सुविधा होगी। इसके साथ ही आस्था पथ पर बने रेन शेल्टरों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि यात्रियों की सुविधा के लिए रेन शेल्टरों में एलईडी साइनेज लगाए जाएं, ताकि शौचालय, चिकित्सा सहायता और अन्य जरूरी सेवाओं के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जा सके।
मुख्य सचिव ने विशेष रूप से ठंडे मौसम को ध्यान में रखते हुए कतार में खड़े यात्रियों के लिए गर्म पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मंदिर परिसर से लेकर सरस्वती नदी के आस्था पथ तक स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) को निर्देश दिए गए कि सभी कॉटेजों की मरम्मत और साफ-सफाई कार्य यात्रा से पहले पूरा कर लिया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने रुद्र प्वाइंट और घोड़ा पड़ाव का भी दौरा किया, जहां उन्होंने भीड़ प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थानों और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया।
जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने अवगत कराया कि यात्रा से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं और अधिकांश व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि पैदल मार्ग, ठहरने की व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, संचार सुविधा और आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह से दुरुस्त कर दी गई हैं।
पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है। यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है और नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ट्रैफिक प्लान पहले से तैयार कर लिया गया है, ताकि जाम जैसी कोई स्थिति उत्पन्न न हो। यात्रा मार्ग पर आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमें भी सक्रिय रहेंगी, जो किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करेंगी।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव देने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।