Khanpur Women Restaurant : उत्कर्ष स्वयं सहायता समूह ने खोला रेस्टोरेंट, ग्रामीण महिलाओं को मिला आजीविका का नया जरिया

Khanpur Women Restaurant : उत्कर्ष स्वयं सहायता समूह ने खोला रेस्टोरेंट, ग्रामीण महिलाओं को मिला आजीविका का नया जरिया
हरिद्वार जिले के विकासखंड खानपुर में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए उत्कर्ष स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने 18 मई 2025 को खानपुर-पुरकाजी मार्ग पर “उत्कर्ष रेस्टोरेंट” की शुरुआत की। यह पहल ग्रामीण आजीविका संवर्धन के लिए चलाई जा रही ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के सहयोग से संभव हो पाई है। इस रेस्टोरेंट का विधिवत उद्घाटन खंड विकास अधिकारी श्री जगेन्द्र सिंह राणा ने किया। उद्घाटन समारोह में सहायक खंड विकास अधिकारी, एनआरएलएम और ग्रामोत्थान परियोजना से जुड़े ब्लॉक स्तर के सभी कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
उत्कर्ष स्वयं सहायता समूह की यह पहल न केवल आर्थिक रूप से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता को भी एक नई प्रेरणा प्रदान करती है। रेस्टोरेंट में अब स्थानीय स्वाद, पारंपरिक व्यंजन और ताजे नाश्तों के माध्यम से आमदनी का स्रोत विकसित किया गया है। समूह की महिलाएं स्वयं इस रेस्टोरेंट का संचालन करेंगी, जिससे उन्हें न सिर्फ आय का नया स्रोत मिलेगा, बल्कि वे व्यवसाय प्रबंधन, विपणन रणनीति और ग्राहक सेवा जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त करेंगी।
रेस्टोरेंट मॉडल महिला समूहों के लिए न केवल आर्थिक बल्कि सामाजिक रूप से भी सशक्तिकरण का माध्यम बनेगा। इससे महिलाओं की भागीदारी परिवार और समाज दोनों में बढ़ेगी, और उनके आत्मविश्वास में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही, यह पहल अन्य स्वयं सहायता समूहों के लिए एक उदाहरण बनेगी कि किस तरह सामूहिक प्रयासों से ग्रामीण महिलाओं को गरिमामयी और टिकाऊ आजीविका दी जा सकती है।
स्वयं सहायता समूह की यह पहल सामूहिकता, आत्मनिर्भरता और स्थानीय संसाधनों के अधिकतम उपयोग की भावना को दर्शाती है। ग्रामोत्थान परियोजना और एनआरएलएम का सहयोग इस प्रयास को मजबूती प्रदान कर रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं अब अपनी मेहनत और आत्मबल से समाज में एक नई पहचान स्थापित कर रही हैं।