नेपाल और उत्तराखंड के बीच रिश्ते और होंगे मजबूत, मुख्यमंत्री धामी से मिले नेपाली प्रतिनिधिमंडल

नेपाल और उत्तराखंड के बीच रिश्ते और होंगे मजबूत, मुख्यमंत्री धामी से मिले नेपाली प्रतिनिधिमंडल
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में नेपाल के सुदूर पश्चिम प्रांत के मुख्यमंत्री कमल बहादुर शाह के नेतृत्व में आए 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और नेपाल के पुराने मित्रतापूर्ण संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ करने पर बल दिया। विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को बढ़ावा देने, पर्यटन विकास और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड और नेपाल की सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत साझा हैं और दोनों के बीच ऐतिहासिक रिश्ते सदियों पुराने हैं।
उन्होंने सीमावर्ती इलाकों में व्यापार, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए उत्तराखंड सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत-नेपाल संबंध सिर्फ कूटनीतिक स्तर पर नहीं बल्कि जन-जन के स्तर पर भी गहरे जुड़े हुए हैं। उन्होंने दोनों पक्षों के अधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्रों में आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति देने का भी सुझाव दिया। इस अवसर पर नेपाल के सुदूर पश्चिम प्रांत के मंत्री वीर बहादुर थापा, सदस्य घनश्याम चौधरी, नरेश कुमार शाही, झपत बहादुर सौद, शेर बहादुर भंडारी, प्रमुख सचिव डॉ. कमल प्रसाद पोखरेल शर्मा, सचिव सूरत कुमार बम और राजनीतिक सलाहकार डॉ. जितेन्द्र उपाध्याय भी उपस्थित थे। उत्तराखंड सरकार की ओर से प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु और सचिव विनोद कुमार सुमन इस बैठक में मौजूद रहे।
दोनों पक्षों ने सीमावर्ती जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जल आपूर्ति और आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में मिलकर कार्य करने की सहमति जताई, जिससे दोनों देशों के सीमावर्ती नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिल सकेगा। बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने यह विश्वास जताया कि भविष्य में इस सहयोग को और व्यापक रूप दिया जाएगा और भारत-नेपाल के प्रगाढ़ संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचेंगे।