• February 10, 2026

Haridwar: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान से हरिद्वार और जौनसार-बावर में जनता को मिला सीधा लाभ, समस्याओं का मौके पर समाधान

 Haridwar: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान से हरिद्वार और जौनसार-बावर में जनता को मिला सीधा लाभ, समस्याओं का मौके पर समाधान
Sharing Is Caring:

Haridwar: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान से हरिद्वार और जौनसार-बावर में जनता को मिला सीधा लाभ, समस्याओं का मौके पर समाधान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत जनपद हरिद्वार और जौनसार-बावर क्षेत्र में जनसमस्याओं के निराकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न स्थानों पर बहुद्देश्यीय शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से सरकार का उद्देश्य योजनाओं को आम जनता तक सीधे पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।

जनपद हरिद्वार के रुड़की क्षेत्र अंतर्गत मुंडलाना न्याय पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने स्वयं उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने राशन कार्ड से जुड़ी दिक्कतों, सड़क निर्माण, सफाई व्यवस्था और जलभराव की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण आवागमन और दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए जलभराव की समस्या का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और लाभ दिलाने के लिए स्टॉल लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

वहीं जौनसार-बावर क्षेत्र में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान की शुरुआत न्याय पंचायत क्वांसी से की गई। राजकीय इंटर कॉलेज क्वांसी में आयोजित पहले बहुद्देश्यीय शिविर में जिलाधिकारी सविन बंसल ने अधिकारियों के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। ग्रामीणों की शिकायत पर सरूमा खड्ड और सिलवा खड्ड में नहर निर्माण में हुई वित्तीय अनियमितताओं की जांच के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सवा गदेरे पर पुल निर्माण को भी स्वीकृति दी गई, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।

शिविर के दौरान कुल 109 समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं, जिन पर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर में 658 से अधिक लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई और दिव्यांग प्रमाण पत्र, आय, जाति सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र मौके पर ही निर्गत किए गए, जिससे ग्रामीणों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।

कृषि विभाग की ओर से जीवन सिंह, महावीर सिंह और अर्जुन सिंह को 80 प्रतिशत सब्सिडी पर पावर वीडर वितरित किए गए, जिससे खेती के कार्य में किसानों को सुविधा मिलेगी। समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत पीएम दिव्यांग केंद्र द्वारा 50 बुजुर्गों को निःशुल्क 250 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इसके साथ ही 15 लाभार्थियों को किशोरी किट और बेबी किट भी प्रदान की गईं। शिविर में जनजातीय सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष गीता राम गौड़ सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

शिविर के दौरान एक मानवीय पहल के तहत 90 वर्षीय असहाय दिव्यांग महिला रामू देवी की समस्या पर जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया। महिला का आधार कार्ड न बनने की शिकायत पर समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए गए कि बुजुर्ग महिला को आधार सेंटर तक आने-जाने की व्यवस्था की जाए और आधार कार्ड बनवाकर दिव्यांग पेंशन की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।

इसके अलावा राजौड़ निवासी जीत सिंह नेगी ने बताया कि वर्ष 1999 में सड़क दुर्घटना में उनका पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था और उन्हें उपचार के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि पीड़ित को जिला चिकित्सालय में भर्ती कर निःशुल्क उपचार और आवश्यक जांच की सुविधा प्रदान की जाए।

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते हुए योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाने का कार्य कर रही है, जिससे शासन और जनता के बीच विश्वास और संवाद मजबूत हो रहा है।

Sharing Is Caring:

Admin

https://nirmanshalatimes.com/

A short bio about the author can be here....

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *