Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से उत्तराखण्ड की जल विद्युत परियोजनाओं और खेल विश्वविद्यालय के लिए समर्थन मांगा

Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से उत्तराखण्ड की जल विद्युत परियोजनाओं और खेल विश्वविद्यालय के लिए समर्थन मांगा
नई दिल्ली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से भेंट की और उत्तराखण्ड में सात जल विद्युत परियोजनाओं की विकास एवं निर्माण स्वीकृति हेतु समर्थन मांगा। इन परियोजनाओं की कुल क्षमता 647 मेगावाट है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्पष्ट किया कि राज्य गंगा और उसकी सहायक नदियों की निर्मलता, अविरलता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूर्ण प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं को रोजगारपरक अवसर प्रदान करने हेतु हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए गौलापार क्षेत्र में लगभग 12.317 हेक्टेयर वन भूमि का हस्तांतरण प्रस्ताव वन विभाग को भेजा गया है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश जारी करें ताकि यह भूमि स्थानांतरण शीघ्र हो सके।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने सैद्धांतिक सहमति व्यक्त करते हुए उत्तराखण्ड सरकार को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सचिव पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन भारत सरकार तन्मय कुमार, उत्तराखण्ड के प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा भी उपस्थित थे।