Viksit Krishi Sankalp Abhiyaan 2025: देहरादून में 19 गांवों तक पहुंची वैज्ञानिक टीम, किसानों को दी टिकाऊ खेती की जानकारी

Viksit Krishi Sankalp Abhiyaan 2025: देहरादून में 19 गांवों तक पहुंची वैज्ञानिक टीम, किसानों को दी टिकाऊ खेती की जानकारी
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) से संबद्ध भारतीय मृदा एवं जल संरक्षण संस्थान, देहरादून की वैज्ञानिक टीमों ने “विकसित कृषि संकल्प अभियान–2025” के अंतर्गत देहरादून और हरिद्वार जिलों के 19 गांवों में पहुंचकर किसानों को उन्नत और टिकाऊ कृषि तकनीकों से अवगत कराया। विकासनगर, कालसी, सहसपुर और बहादराबाद क्षेत्र के इन गांवों में यह अभियान ग्रामीण कृषि विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
संस्थान की वैज्ञानिक टीमों ने किसानों को खरीफ फसलों के बेहतर प्रबंधन, जल संरक्षण उपाय, मृदा स्वास्थ्य में सुधार और भूमि क्षरण को रोकने के वैज्ञानिक तरीके सिखाए। इस दौरान जल संचयन, जीवनरक्षक सिंचाई प्रणाली, मृदा परीक्षण, नमी संरक्षण तकनीक तथा जैविक और रासायनिक मिट्टी सुधार विधियों पर विशेष रूप से जानकारी दी गई।
वैज्ञानिकों ने किसानों से स्थानीय जलवायु और संसाधनों के अनुसार फसल चयन करने पर जोर दिया, जिससे न केवल उत्पादन बढ़े बल्कि भूमि और जल जैसे संसाधनों का भी टिकाऊ उपयोग हो सके। उन्होंने कहा कि एकीकृत कृषि प्रणाली को अपनाकर किसान अपनी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
यह अभियान किसानों की आय को दोगुना करने, कृषि को जलवायु-लचीला बनाने और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। वैज्ञानिक सलाह के जरिये यह कार्यक्रम किसानों की जमीनी समस्याओं का समाधान कर रहा है और कृषि में नवाचार की दिशा में एक सशक्त कदम है।