World Food India 2025: झारखंड राज्य ने वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 में प्रदर्शित की अपनी फूड इंडस्ट्री

World Food India 2025: झारखंड राज्य ने वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 में प्रदर्शित की अपनी फूड इंडस्ट्री
नई दिल्ली: देश में आयोजित विश्वस्तरीय फूड एक्सपो, वर्ल्ड फूड इंडिया 2025, आज से भारत मंडपम, दिल्ली में शुरू हुआ। इस आयोजन में देश के सभी राज्य, अंतर्राष्ट्रीय प्रतिभागी और निजी कंपनियां भाग ले रही हैं। इस वैश्विक मंच पर झारखंड प्रदेश ने अपनी फूड इंडस्ट्री और प्रोसेसिंग इंडस्ट्री को प्रदर्शित करने के लिए विशेष झारखंड मंडप का निर्माण किया। इसका विधिवत उद्घाटन उद्योग, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव ने किया।
इस अवसर पर मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि झारखंड अपने विविध खाद्य पदार्थों के लिए देश और दुनिया में जाना जाता है। उन्होंने कहा कि विविधता ही हमारे देश की पहचान और ताकत है, और यही ताकत भारत के खोए गौरव को पुनः स्थापित कर सकती है। उन्होंने मिलावट और नकली उत्पादों के बढ़ते चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हमें प्राकृतिक और मौलिक खाद्य पदार्थों के उत्पादन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। मंत्री ने जनता और उद्यमियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र विशेष के खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ाएं और अन्य राज्यों एवं विदेशों तक उनकी विशिष्टता और गुणवत्ता पहुँचाएँ।
मंत्री ने झारखंड के वन उपज और पारंपरिक उत्पादों का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड का तसर और मडुआ देश-दुनिया में अपनी खास पहचान रखता है। मडुआ की रोटी और इससे बनने वाले अन्य व्यंजन न केवल स्वादिष्ट हैं, बल्कि स्वास्थ्यवर्धक भी हैं। उन्होंने कहा कि उड़द दाल से बनने वाले व्यंजन भी पोषण और स्वाद का संगम प्रस्तुत करते हैं। इसके अलावा झारखंड के कई स्थानीय और क्षेत्रीय व्यंजन देश-दुनिया में अपनाए जा सकते हैं, जिससे स्वाद और स्वास्थ्य दोनों को नई दिशा मिल सके।
मंत्री ने कहा कि झारखंड का प्राकृतिक सौंदर्य और पारंपरिक व्यंजन देश की पहचान बन सकते हैं। इस दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग से जुड़े उद्यमियों से विशेष रुचि और पहल की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वादिष्ट भोजन और स्वस्थ शरीर झारखंड सरकार का मिशन है और इस मिशन में जुड़े सभी उद्यमियों का स्वागत है। इस अवसर पर उद्योग निदेशक विशाल सागर भी उपस्थित रहे।