Uttarakhand Rescue Operation: मुख्यमंत्री धामी ने ‘द ग्रेट हिमालयन रेस्क्यू’ डॉक्यूमेंट्री का टीजर और पोस्टर किया विमोचित
Uttarakhand Rescue Operation: मुख्यमंत्री धामी ने ‘द ग्रेट हिमालयन रेस्क्यू’ डॉक्यूमेंट्री का टीजर और पोस्टर किया विमोचित
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज परिवर्तन पिक्चर के बैनर तले निर्देशक ऋषभ कोहली और प्रशांत उपाध्याय द्वारा बनाई गई डॉक्यूमेंट्री ‘द ग्रेट हिमालयन रेस्क्यू’ का उत्तराखण्ड टीजर और पोस्टर विमोचित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह डॉक्यूमेंट्री सामूहिक प्रयास, तकनीकी दक्षता और मानवीय संवेदनाओं का जीवंत चित्रण है।
उन्होंने बताया कि सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन उत्तराखण्ड के इतिहास में प्रेरणादायक अध्याय बन चुका है, जहाँ प्रशासन, एजेंसियों और स्थानीय लोगों ने अभूतपूर्व समन्वय के साथ कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से लोग इस अभियान में राज्य के जज़्बे और तकनीकी कौशल की झलक देख सकेंगे। यह फ़िल्म उत्तराखण्ड की ‘संकल्प और सेवा’ की भावना का प्रतीक है और युवा पीढ़ी को कठिन परिस्थितियों में धैर्य, साहस और कर्मनिष्ठा का संदेश देगी।

निर्देशक ऋषभ कोहली ने कहा कि डॉक्यूमेंट्री सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन पर आधारित है, जिसमें मुख्यमंत्री स्वयं इस ऐतिहासिक अभियान की कहानी विस्तार से सुनाते हैं। उन्होंने बताया कि फ़िल्म न केवल तकनीकी चुनौतियों और मानवीय जुझारूपन को दर्शाती है, बल्कि उत्तराखण्ड की भावनाओं, जड़ों और नेतृत्व की सच्ची तस्वीर भी प्रस्तुत करती है। डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग पूरी तरह उत्तराखण्ड में हुई है और इसे शीघ्र ही प्रमुख ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ किया जाएगा।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड फ़िल्म विकास परिषद के सीईओ श्री बंशीधर तिवारी, वरिष्ठ पत्रकार श्री अनुपम त्रिवेदी, उत्तराखण्ड वक़्फ़ बोर्ड के चेयरमैन श्री शादाब शम्स, निर्देशक ऋषभ कोहली के पिता एवं वरिष्ठ पत्रकार श्री नीरज कोहली समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।