Uttarakhand Governor: राज्यपाल गुरमित सिंह ने राजभवन की चार वर्ष की उपलब्धियों पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया

Uttarakhand Governor: राज्यपाल गुरमित सिंह ने राजभवन की चार वर्ष की उपलब्धियों पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया
राज्यपाल Lt Gen Gurmit Singh ने आज राजभवन में ‘‘सेवा, संकल्प और समर्पण के चार वर्ष’’ शीर्षक कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। यह पुस्तक राज्यपाल के चार वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर आधारित है और इसे राजभवन सूचना परिसर ने प्रकाशित किया है। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल ने 15 सितम्बर को उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में चार वर्ष पूर्ण किए हैं।
कॉफी टेबल बुक में राज्यपाल के प्रेरणादायक विचारों के साथ-साथ उनके मिशन, एआई टेक्नोलॉजी, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के मार्गदर्शन और अन्य सामाजिक विषयों पर केंद्रित सामग्री शामिल है। इस अवसर पर राज्यपाल के चार वर्षों के कार्यकाल पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में राज्यपाल ने राजभवन में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया। विशेष रूप से, 23 वर्षों से अधिक समय तक निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने वाले कम्पट्रोलर प्रमोद चमोली को ‘‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’’ से सम्मानित किया गया। लंबे समय तक विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए उन्होंने राजभवन के गृहस्थ अनुभाग का संचालन और आयोजन व्यवस्थाओं में उत्कृष्ट प्रबंधन और प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
राज्यपाल ने कहा कि प्रमोद चमोली की सेवाओं ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में अनुशासन, दक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की है। उन्होंने अन्य सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनके कार्य के प्रति ईमानदारी, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का परिणाम है। उन्होंने सभी से अपेक्षा जताई कि वे इसी लगन और निष्ठा के साथ आगे भी कार्य करते रहें।
राज्यपाल ने कहा कि सम्मानित अधिकारी और कर्मचारी अन्य सभी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण हैं। राजभवन पूरे प्रदेश का प्रतिनिधित्व करता है, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अनुरोध किया कि वे लोगों की समस्याओं के प्रति सजग रहते हुए उनका समय पर समाधान सुनिश्चित करें। राज्यपाल ने कहा कि राजभवन से जनता तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने में सभी कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।