Uttarakhand: उत्तराखंड में हेली और रेल सेवाओं का विस्तार, धामी सरकार को केंद्र का सहयोग
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार राज्य में परिवहन सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के प्रयासों में जुटे हुए हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू से मुलाकात कर राज्य में हेली सेवाओं को और बेहतर बनाने का आग्रह किया था। इस पर सकारात्मक पहल करते हुए केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सूचित किया है कि उड़ान योजना के तहत पिथौरागढ़-मुनस्यारी हेली सेवा के संचालन के लिए हैरिटेज एविएशन का चयन कर लिया गया है। यह सेवा 30 सितंबर तक शुरू होने की उम्मीद जताई गई है।
इसके साथ ही पिथौरागढ़-धारचूला मार्ग पर भी हेली सेवा शुरू करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इसके लिए धारचूला में हेलीपैड के निर्माण हेतु जमीन की आवश्यकता है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस रूट पर भी हैरिटेज एविएशन को सेवा संचालन की प्रारंभिक सहमति प्रदान कर दी गई है। वहीं, पिथौरागढ़ से दिल्ली तक हवाई सेवा शुरू करने के प्रस्ताव को भी केंद्र और राज्य सरकार सकारात्मक रूप से देख रही हैं। जैसे ही एयरलाइंस कंपनियों की ओर से औपचारिक प्रस्ताव आता है, इस पर विचार कर निर्णय लिया जाएगा।
हवाई सेवाओं के साथ-साथ रेल नेटवर्क में सुधार को लेकर भी केंद्र ने कदम बढ़ाए हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बताया कि अछनेरा-टनकपुर विशेष रेलगाड़ी के परिचालन के लिए मंत्रालय द्वारा फिजिबिलिटी अध्ययन करवाया जा रहा है। अध्ययन पूरा होने के बाद इस दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों केंद्रीय मंत्रियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हेली सेवाओं और रेल नेटवर्क के विस्तार से राज्यवासियों को न केवल बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी बल्कि सीमांत इलाकों में कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और सामरिक दृष्टिकोण से भी राज्य की स्थिति सुदृढ़ होगी।