Uttarakhand: गैरसैंण में मुख्यमंत्री धामी ने 142.25 करोड़ की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास, राज्य आंदोलनकारियों को दी श्रद्धांजलि और सम्मान
Uttarakhand: गैरसैंण में मुख्यमंत्री धामी ने 142.25 करोड़ की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास, राज्य आंदोलनकारियों को दी श्रद्धांजलि और सम्मान
उत्तराखंड की रजत जयंती के अवसर पर ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में सोमवार को भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और राज्य आंदोलनकारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 142.25 करोड़ रुपये की 60 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 43.63 करोड़ रुपये की 27 योजनाओं का लोकार्पण और 98.62 करोड़ रुपये की 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शन स्टॉलों का भी निरीक्षण किया और खेल, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान आईटीबीपी, आईआरबी, नागरिक पुलिस, होमगार्ड, महिला आरक्षी, नागरिक पुलिस/फायर सर्विस तथा एनसीसी महिला दस्ते ने 46वीं वाहिनी पीएसी के बैंड की धुन पर आकर्षक रैतिक परेड प्रस्तुत की, जिसका मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया और प्रतिभागियों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य की यह 25 वर्ष की यात्रा आंदोलनकारियों की तपस्या और जनता के परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने देश की रक्षा में शहीद हुए वीर जवानों और राज्य निर्माण के लिए बलिदान देने वाले सभी अमर आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड की रजत जयंती वर्ष के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होकर राज्य का सम्मान बढ़ाया है और इस अवसर पर राज्य को 8,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विश्व की “आध्यात्मिक राजधानी” बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है। केदारखंड और मानसखंड के प्राचीन मंदिरों का पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अटल जी ने न केवल राज्य का निर्माण किया बल्कि विशेष औद्योगिक पैकेज देकर उत्तराखंड को नई दिशा और मजबूती प्रदान की थी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गैरसैंण को सशक्त रूप से विकसित करने के लिए अनेक विकास परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। सारकोट गांव को मॉडल गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसे ग्रामीणों और प्रशासनिक विभागों के सहयोग से आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि नई नीतियों और योजनाओं से राज्य की विकास दर में तेजी आई है, किसानों की आय में वृद्धि हुई है और बेरोजगारी में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उत्तराखंड को सतत विकास सूचकांक में देश में प्रथम स्थान तथा “मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट” अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के “लोकल टू ग्लोबल” मंत्र को साकार करने के लिए राज्य में स्थानीय उत्पादों और उद्यमों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने गैरसैंण और उसके आसपास के क्षेत्रों को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करने के लिए मास्टर प्लान की डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने चौखुटिया, ज्योतिर्मठ और घनशाली को उड़ान योजना से जोड़ने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सख्त भू-कानून लागू कर भू-माफिया पर नियंत्रण किया गया है और नकल विरोधी कानून के जरिए भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि “मंदिर माला मिशन,” “एक जिला एक मेला योजना” और “साहसिक पर्यटन” जैसे प्रयासों से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, भरत सिंह चौधरी, प्रमोद नैनवाल, सुरेश गड़िया, प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष बीकेटीसी ऋषि प्रसाद सती, राज्यमंत्री रामचंद्र गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, ग्राम प्रधान सारकोट प्रियंका नेगी, पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।