Uttarakhand Cabinet Expansion: देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी बोले—उत्तराखंड के लिए बनेगा 25 साल का रोडमैप, कैबिनेट विस्तार पर कहा शुभ दिन शुरू हो गए हैं
Uttarakhand Cabinet Expansion: देहरादून में सीएम पुष्कर सिंह धामी बोले—उत्तराखंड के लिए बनेगा 25 साल का रोडमैप, कैबिनेट विस्तार पर कहा शुभ दिन शुरू हो गए हैं
देहरादून में शनिवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विकास, आगामी योजनाओं और लंबे समय से चर्चा में रहे कैबिनेट विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए अगले 25 वर्षों का रोडमैप तैयार किया जा रहा है, जो राज्य को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक ठोस कदम होगा। वहीं, जब पत्रकारों ने कैबिनेट विस्तार पर सवाल किया, तो मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा—“शुभ दिन शुरू (देव उठनी एकादशी) हो गए हैं, आगे भी शुभ ही होगा।” उनके इस जवाब से राजनीतिक हलकों में एक बार फिर विस्तार की चर्चा तेज हो गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण है कि राज्य अपनी 25 वर्ष की विकास यात्रा पूरी कर रहा है। राज्य निर्माण की रजत जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में रजतोत्सव समारोहों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक नवंबर से इगास पर्व के साथ शुरू होकर 11 नवंबर तक राज्य भर में अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि रजत जयंती वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि अगले 25 वर्षों के विकास का खाका पेश करने का अवसर भी है। सरकार का लक्ष्य है—समृद्ध, आत्मनिर्भर और सशक्त उत्तराखंड का निर्माण करना।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत का जो संकल्प देशवासियों के सामने रखा है, उसी भावना के अनुरूप उत्तराखंड सरकार भी 2050 तक के लिए दीर्घकालिक योजनाएं बना रही है। वर्ष 2050 राज्य स्थापना की स्वर्ण जयंती का वर्ष होगा, और सरकार इस अवसर को लक्ष्य बनाकर काम करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रजत जयंती समारोह के तहत तीन और चार नवंबर को देहरादून में विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 3 नवंबर को विशेष सत्र को संबोधित करेंगी, जो राज्य के लिए गौरव की बात है। इस सत्र में राज्य को नई दिशा देने वाले विषयों पर विचार-विमर्श होगा। उन्होंने कहा कि 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन प्राप्त होगा, जिससे उत्तराखंड को नई प्रेरणा और ऊर्जा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने बीते 25 वर्षों में अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं—चाहे वह शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग या बुनियादी ढांचा हो। अब समय है कि इन उपलब्धियों के आधार पर राज्य को अगले चरण में ले जाया जाए। उन्होंने जनता से अपील की कि वे राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सरकार के साथ मिलकर “विकसित उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करें।