Shubhanshu Shukla: उत्तर प्रदेश सरकार शुरू करेगी अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला छात्रवृत्ति योजना, सीएम योगी ने किया ऐलान
लखनऊ में आयोजित एक विशेष नागरिक अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) मिशन को सफलतापूर्वक पूरा कर लौटे देश के गौरव, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के सम्मान में बड़ा ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार शुभांशु शुक्ला के नाम पर छात्रवृत्ति योजना शुरू करेगी, जिससे प्रदेश की युवा पीढ़ी लाभान्वित होगी और विज्ञान तथा अंतरिक्ष अनुसंधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होगी।
सीएम योगी ने कहा कि शुभांशु न केवल उत्तर प्रदेश के बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। वे प्रदेश के पहले अंतरिक्ष यात्री बने हैं और उनकी इस उपलब्धि ने भारत को अंतरिक्ष जगत में नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि शुभांशु के पिता सचिवालय प्रशासन में कार्यरत रहे हैं और उनके संस्कारों ने ही इस सफलता की नींव रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार दशकों बाद भारत को अंतरिक्ष यात्रा का अवसर मिला और पूरे देश ने गर्व के साथ शुभांशु की यात्रा को देखा। अंतरिक्ष में 18 दिन बिताकर उन्होंने 300 से अधिक बार पृथ्वी की परिक्रमा की, जो अपने आप में एक अद्भुत उपलब्धि है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शुभांशु का यह अनुभव आने वाले समय में भारत के नए अंतरिक्ष अभियानों के लिए मार्गदर्शक बनेगा और नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर शुभांशु शुक्ला ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि लखनऊ लौटने के बाद जिस तरह का उत्साह और समर्थन देखने को मिला, उससे वे अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे वे घर लौटे हों और जिस तरह लोगों ने प्यार दिया है, वह उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह उत्साह भारत की स्पेस जर्नी को और आगे ले जाने में मदद करेगा।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि शुभांशु की सफलता सिर्फ आज की उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह भारत की महान विरासत और अद्भुत प्रतिभा का प्रमाण है। सरकार उनके नाम पर छात्रवृत्ति शुरू कर इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का प्रयास करेगी, ताकि और युवा विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।