Satpal Maharaj Birthday: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में सतपाल महाराज के जन्मदिवस समारोह में भाग लिया

Satpal Maharaj Birthday: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में सतपाल महाराज के जन्मदिवस समारोह में भाग लिया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार स्थित प्रेम आश्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सतपाल महाराज को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी और उनके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए बाबा केदारनाथ और भगवान बद्रीविशाल से प्रार्थना की।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं को मुख्यमंत्री ने नवरात्रि पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह शक्ति की उपासना का पर्व हम सभी को नई ऊर्जा, भक्ति और सेवा की भावना प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन महाराज जी के प्रति जनता के स्नेह, श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। सतपाल महाराज ने अपने जीवन और कार्यों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना, सेवा और लोककल्याण का संदेश फैलाया है, जिसने जनमानस के हृदय में गहरी छाप छोड़ी है।
मुख्यमंत्री ने महाराज जी के सामाजिक और राजनीतिक योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज ने राजनीति के साथ-साथ समाजसेवा, संस्कृति संरक्षण और उत्तराखण्ड राज्य निर्माण जैसे महत्वपूर्ण आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनका जीवन सेवा, त्याग और परोपकार की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि महाराज जी समाज में समरसता, प्रेम और भाईचारे के संदेशवाहक हैं और उनके नेतृत्व में ‘मानव सेवा एवं उत्थान समिति’ द्वारा देशभर में सामाजिक समरसता और मानव कल्याण के लिए सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार में वरिष्ठ मंत्री के रूप में महाराज जी ने पर्यटन, संस्कृति और तीर्थाटन के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया है। चारधाम यात्रा, मानसखंड कॉरिडोर और अन्य तीर्थस्थलों के पुनरुत्थान में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके प्रयासों से उत्तराखण्ड को बेस्ट एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन और राष्ट्रीय पर्यटन पुरस्कार जैसे सम्मान प्राप्त हुए हैं।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक रुड़की प्रदीप बत्रा, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, विधायक पुरोला दुर्गेश लाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, राज्य मंत्री राकेश गिरी, ओम प्रकाश जमदग्नि, राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, जिलाध्यक्ष भाजपा आशुतोष शर्मा, संगठन महामंत्री अजय कुमार, पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत, श्रद्धेय महाराज, सुयश महाराज, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और सामाजिक सेवा गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं।