Sardar@150 Unity March: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरदार@150 यूनिटी मार्च में भारत रत्न सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि
Sardar@150 Unity March: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरदार@150 यूनिटी मार्च में भारत रत्न सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज साधली, वडोदरा, गुजरात में सरदार@150 यूनिटी मार्च के अंतर्गत आयोजित सरदार गाथा कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल को उत्तराखण्डवासियों की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और अटूट समर्पण से अखंड भारत का सपना साकार किया।
मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को आधुनिक भारत का निर्माता बताया और उल्लेख किया कि खेड़ा और बारदोली के किसान आंदोलनों में अन्याय के खिलाफ उनके संघर्ष ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बनाया। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित किया और 562 रियासतों को संवाद, प्रेम, दृढ़ता और निर्भीकता के माध्यम से भारत में मिलाकर अखंडता सुनिश्चित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की है। प्रधानमंत्री की पहल से एक भारत, श्रेष्ठ भारत के मंत्र के साथ देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया जा रहा है।

सरदार@150 यूनिटी मार्च के अंतर्गत उत्तराखण्ड सरकार ने देवभूमि के प्रत्येक जनपद में एकता यात्रा का आयोजन किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने स्वयं चार प्रमुख स्थानों पर इस एकता यात्रा में भाग लिया। एकता यात्रा के माध्यम से युवाओं को नशा मुक्ति, योग और स्वास्थ्य जैसे विषयों से जोड़ा गया। इसके साथ ही स्थानीय हस्तशिल्प और स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार हेतु सहकारिता मेलों का आयोजन भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एकता यात्रा के दौरान ग्राम सभाओं में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे जनता की समस्याओं का समाधान किया गया। विभिन्न गांवों में सरदार उपवन विकसित कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। उन्होंने यह भी बताया कि सरदार पटेल की प्रेरणा और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड सरकार ने सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और कानून सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आयोजित सरदार@150 यूनिटी मार्च ने सरदार पटेल के एकता और समरसता के संदेश को पूरे देश में पहुँचाया। इस अभियान को पूरे भारत में उत्सव के रूप में मनाया गया। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि सरदार पटेल के आदर्शों का अनुसरण करते हुए देश की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, केंद्रीय राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे और अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।