Run for Jharkhand: हेमन्त सोरेन ने हरी झंडी दिखाकर राज्य स्थापना के 25वें वर्ष की शुरुआत की
Run for Jharkhand: हेमन्त सोरेन ने हरी झंडी दिखाकर राज्य स्थापना के 25वें वर्ष की शुरुआत की
रांची, राज्य स्थापना के 25वें गौरवशाली वर्ष के अवसर पर आज रांची के बापू वाटिका, मोरहाबादी मैदान में भव्य “रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में एकता, ऊर्जा और उत्साह की भावना साफ दिखाई दी। यह कार्यक्रम झारखंड रजत जयंती और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत भी है।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्यवासियों को झारखंड स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी और कहा कि “मैं उन सभी महान आत्माओं को नमन करता हूं जिनके लंबे संघर्ष, कुर्बानी और शहादत से झारखंड की पहचान बनी है। झारखंड का यह 25वां वर्ष गौरव, संकल्प और विकास का प्रतीक है। ‘रन फॉर झारखंड’ के माध्यम से हम राज्यवासियों में अपनत्व, एकता और विकास की भावना को और मजबूत करना चाहते हैं।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के साथ मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक सी. सिंह, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार और सचिव मनोज कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, विद्यार्थी, खिलाड़ी और आम नागरिक भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने इस कार्यक्रम के दौरान कहा कि राज्य स्थापना की यह रजत जयंती केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह झारखंडवासियों के लिए अपने राज्य के प्रति जिम्मेदारी, विकास और नवाचार की भावना को जागृत करने का अवसर है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे इस प्रकार के आयोजनों में बढ़-चढ़ कर भाग लें और राज्य की प्रगति में योगदान दें।
“रन फॉर झारखंड” ने न केवल खेल-कूद और स्वास्थ्य के महत्व को उजागर किया, बल्कि यह राज्यवासियों में सामाजिक एकता और साझा संस्कृति की भावना को भी मजबूत करने वाला कार्यक्रम साबित हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करना और उन्हें अपने राज्य के प्रति गर्व और जिम्मेदारी की भावना देना है।