Char Dham Yatra 2025: चारधाम यात्रा संचालन पर मुख्यमंत्री धामी को बद्री-केदार समिति का धन्यवाद, सरकार के प्रयासों की सराहना

Char Dham Yatra 2025: चारधाम यात्रा संचालन पर मुख्यमंत्री धामी को बद्री-केदार समिति का धन्यवाद, सरकार के प्रयासों की सराहना
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर बद्री-केदार मंदिर समिति के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने किया। मुलाकात के दौरान चारधाम यात्रा-2025 के सफल, व्यवस्थित और सुरक्षित संचालन के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी संख्या के बावजूद सुविधाओं, मार्गों की व्यवस्था, चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं तथा समग्र प्रबंधन में राज्य सरकार का कार्य अत्यंत प्रभावी और प्रशंसनीय रहा। उन्होंने कहा कि यात्रा के हर चरण में यात्रियों को न केवल पर्याप्त व्यवस्था और सुविधा प्राप्त हुई, बल्कि उन्हें सुरक्षा का भरोसा और उत्तराखंड सरकार की सेवा भावना का वास्तविक अनुभव भी हुआ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समिति की सराहना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार चारधाम यात्रा को श्रद्धा, व्यवस्था और सुरक्षा के संतुलन के साथ संचालित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सिर्फ यात्रा के सफल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि हर श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा से एक अविस्मरणीय और सुखद अनुभव लेकर लौटे।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि चारधाम यात्रा न केवल एक धार्मिक यात्रा है, बल्कि यह उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का प्रतीक है। इसके माध्यम से राज्य की सेवा संस्कृति, जनभागीदारी और व्यवस्थागत क्षमता की एक सकारात्मक छवि देश और विश्व के समक्ष प्रस्तुत होती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यात्रा प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़, स्मार्ट और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
यह भेंट चारधाम यात्रा के दौरान शासन और धार्मिक संस्थाओं के बीच मजबूत समन्वय और सहभागिता का भी प्रतीक मानी जा रही है, जो उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध हो सकता है।