• October 13, 2025

Uttarakhand Press Club: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब के दीपावली महोत्सव-2025 में किया सहभाग, पत्रकारों के कल्याण हेतु नई घोषणाएं

 Uttarakhand Press Club: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब के दीपावली महोत्सव-2025 में किया सहभाग, पत्रकारों के कल्याण हेतु नई घोषणाएं
Sharing Is Caring:

Uttarakhand Press Club: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब के दीपावली महोत्सव-2025 में किया सहभाग, पत्रकारों के कल्याण हेतु नई घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित दीपावली महोत्सव-2025 में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लकी ड्रॉ विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए और पत्रकारों के साथ सौहार्दपूर्ण संवाद किया। उन्होंने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब की भूमि के आवंटन की प्रक्रिया जारी है, और इसके पूर्ण होने के बाद एक भव्य भवन का निर्माण कराया जाएगा, जो पत्रकारों के लिए एक सशक्त कार्यस्थल सिद्ध होगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन से लेकर आज तक, पत्रकारों ने अपनी लेखनी के माध्यम से प्रदेश के विकास और जनजागरूकता में अमूल्य योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण हैं, जो न केवल घटनाओं को प्रस्तुत करते हैं, बल्कि समाज को सही दिशा देने में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी पत्रकारों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकाश, सकारात्मकता और नई ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों का जीवन दीपावली के दीपकों की तरह है, जो स्वयं जलकर समाज में प्रकाश फैलाते हैं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देना आवश्यक है। हमें अपने देश में निर्मित उत्पादों का उपयोग कर आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करना होगा। उन्होंने कहा कि दिवाली जैसे पर्व पर जब हम स्वदेशी वस्तुओं को अपनाते हैं, तो यह न केवल अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है, बल्कि देशभक्ति की भावना को भी प्रबल करता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की समस्याओं और आवश्यकताओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय योजनाओं को लेकर सरकार कई ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पत्रकार सम्मान योजना के तहत अनेक पत्रकारों को सम्मानित किया जा रहा है। पत्रकारों की पेंशन में वृद्धि की गई है और विभिन्न जिलों से देहरादून आने वाले पत्रकारों के लिए सूचना विभाग के माध्यम से रहने की उचित व्यवस्था की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने मुख्यमंत्री पत्रकार पेंशन योजना के तहत पत्रकार कल्याण कोष का बजट 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये कर दिया है। इसके साथ ही पत्रकारों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। राज्यभर में मीडिया सेंटरों के आधुनिकीकरण और प्रेस क्लबों के सशक्तिकरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई है, जिससे पत्रकारों को आधुनिक संसाधन और सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की आत्मा हैं। वे केवल राजनीतिक या सामाजिक मुद्दों का प्रसार नहीं करते, बल्कि लोकतंत्र को जीवित रखने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुँचाने और जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुँचाने का सेतु हैं। पत्रकारों की निष्पक्षता, निष्ठा और समर्पण लोकतांत्रिक प्रणाली को मजबूती प्रदान करते हैं।

मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि उत्तराखंड सरकार पत्रकारों के हितों की रक्षा और पत्रकारिता के उत्थान के लिए लगातार कदम उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, और इस स्तंभ को मजबूत बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला, दायित्वधारी हेमराज बिष्ट, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, महामंत्री सुरेंद्र डसीला सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संवाद सत्रों के माध्यम से पत्रकारों ने दीपावली उत्सव का आनंद उठाया।

Sharing Is Caring:

Admin

https://nirmanshalatimes.com/

A short bio about the author can be here....

Related post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *