Har Ghar Tiranga: हर घर तिरंगा अभियान के तहत मुख्यमंत्री धामी ने फहराया तिरंगा, प्रदेशवासियों से की भावुक अपील

Har Ghar Tiranga: हर घर तिरंगा अभियान के तहत मुख्यमंत्री धामी ने फहराया तिरंगा, प्रदेशवासियों से की भावुक अपील
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत तिरंगा फहराकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रारंभ हुआ यह अभियान आज जन-जन तक पहुंचकर राष्ट्रभक्ति का एक विशाल महाअभियान बन चुका है, जिसने देशवासियों के दिलों में तिरंगे के प्रति गर्व और सम्मान की भावना को और प्रगाढ़ किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि हमारी स्वतंत्रता, एकता और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत प्रतीक है। इसमें देश के बलिदान, साहस और त्याग की गाथा समाई है, जो हमें हमेशा देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि इस स्वतंत्रता दिवस पर हर घर, कार्यालय, दुकान और प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराकर देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दें। उन्होंने कहा कि तिरंगा फहराना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि यह हमारे देश के प्रति अटूट निष्ठा और गौरव का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि वे तिरंगे के साथ अपनी फोटो लेकर harghartiranga.com पर साझा करें, ताकि इस अभियान की गूंज देशभर में और अधिक प्रभावशाली तरीके से पहुंचे। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के लोग पूरे जोश और उत्साह के साथ इस महाअभियान में हिस्सा लेकर इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।