Mission Shakti 5.0: मिशन शक्ति 5.0: योगी सरकार ने महिलाओं व छात्राओं को सुरक्षा का नया कवच दिया
Mission Shakti 5.0: मिशन शक्ति 5.0: योगी सरकार ने महिलाओं व छात्राओं को सुरक्षा का नया कवच दिया
उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम मिशन शक्ति 5.0 के तहत जनपद ललितपुर में महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तीकरण हेतु व्यापक जनजागरण अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक के निर्देशन में यह अभियान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को मजबूत आधार देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों, शहरी बाजार, शिक्षण संस्थानों और बस अड्डों तक अभियान की पहुँच ने सुरक्षा और जागरूकता की एक सशक्त श्रृंखला प्रस्तुत की।
जनपद के सभी थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों और एंटी-रोमियो टीमों ने गांव-गांव चौपालें लगाकर महिलाओं, छात्राओं और अभिभावकों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। महामना मदनमोहन मालवीय इंटर कॉलेज, सौजना सहित कई शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं को आत्मरक्षा, आत्मविश्वास बढ़ाने के उपाय और संकट की स्थिति में उपलब्ध आपातकालीन सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पोस्टर वितरण के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास भी किया गया।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों पर जोर दिया गया:
1090 – विमेन पावर लाइन
112 – पुलिस आपातकालीन सेवा
1076 – मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
1930 – साइबर अपराध हेल्पलाइन
181 – महिला हेल्पलाइन
1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
साइबर सुरक्षा के लिए महिलाओं को विशेष सावधानियों की सलाह दी गई। इसमें अनजान लिंक पर क्लिक न करना, ओटीपी या बैंक जानकारी साझा न करना, सोशल मीडिया पर अंजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करना और बिना सत्यापन किसी भी पोस्ट को शेयर न करना शामिल है। साथ ही, मोबाइल एप्स केवल प्ले स्टोर से डाउनलोड करने की सलाह भी दी गई।
मिशन शक्ति 5.0 का यह अभियान न सिर्फ महिलाओं में सुरक्षा भावना को मजबूत कर रहा है, बल्कि उन्हें स्वावलंबी, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।