HPV Vaccination Campaign: प्रधानमंत्री ने 14 वर्ष की लड़कियों के लिए देशव्यापी अभियान का शुभारंभ
HPV Vaccination Campaign: प्रधानमंत्री ने 14 वर्ष की लड़कियों के लिए देशव्यापी अभियान का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर के विरुद्ध देशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का आज शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में स्थापित एचपीवी टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया और 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं से संवाद करते हुए उन्हें टीके के लाभों के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इस अभियान को मातृशक्ति के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रारंभ किया गया यह अभियान नारी सम्मान और सुरक्षा के प्रति अटल संकल्प का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर मातृशक्ति के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। वर्ष 2024 में भारत में 78 हजार से अधिक मामले सामने आए और 42 हजार से अधिक महिलाओं की मृत्यु हुई। इसी गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्तर पर एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया।
राजस्थान से प्रारंभ हुए अभियान के तहत देशभर में लगभग 1 करोड़ 15 लाख किशोरियों को मुफ्त एचपीवी वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी। उत्तराखण्ड में इस अभियान के प्रथम चरण में 155 केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। अभियान की सफलता के लिए डॉक्टर, नर्स, एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है, ताकि कोल्ड-चेन व्यवस्था और टीकाकरण प्रक्रिया प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।
मुख्यमंत्री ने फ्रंटलाइन हेल्थ वॉरियर्स का आभार व्यक्त किया और कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के प्रत्येक नागरिक के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में देश में मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया गया है, 387 से बढ़कर 819 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए और 23 नए एम्स बनाकर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया गया।
मुख्यमंत्री ने राज्य में आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क उपचार की सुविधा, जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का आधुनिकीकरण, सुपर स्पेशियलिटी विभागों का निर्माण, हल्द्वानी में राज्य के प्रथम आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण, और हेली एंबुलेंस सेवा की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने टेलीमेडिसिन और स्टाफ बढ़ाने जैसी व्यवस्थाओं का भी विवरण दिया।
मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे किसी भी अफवाह में न आएँ और अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएँ। उन्होंने शिक्षकों, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला समूहों, धार्मिक और सामाजिक संगठनों से भी इस अभियान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का अनुरोध किया। सांसद अजय भट्ट ने भी इस अवसर पर विचार व्यक्त किए।