Heritage Award 2025: उत्तराखंड पर्यटन को द वीक हेरिटेज अवार्ड में दो स्वर्ण वटवृक्ष सम्मान

Heritage Award 2025: उत्तराखंड पर्यटन को द वीक हेरिटेज अवार्ड में दो स्वर्ण वटवृक्ष सम्मान
नई दिल्ली में आयोजित द वीक मैगज़ीन के प्रतिष्ठित हेरिटेज अवार्ड समारोह में उत्तराखंड पर्यटन को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उत्तराखंड को दो स्वर्ण वटवृक्ष पुरस्कार से नवाज़ा गया, जिसे केंद्रीय पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रदान किया। राज्य की ओर से यह सम्मान पर्यटन निदेशक दीपक खंडूरी ने प्राप्त किया।
पर्यटन निदेशक दीपक खंडूरी ने इस उपलब्धि को राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और पर्यटन क्षेत्र में हो रही उत्कृष्ट प्रगति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड की पहचान को और अधिक सुदृढ़ करेगा तथा राज्य को पर्यटन मानचित्र पर नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।
समारोह में बताया गया कि ऋषिकेश की गंगा आरती को “नदी किनारे की धरोहर पर्यटन” श्रेणी में यह सम्मान दिया गया। गंगा आरती न केवल आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करती है बल्कि देश-विदेश से आने वाले लाखों पर्यटकों को भी अपनी ओर आकर्षित करती है। इसके अलावा चारधाम यात्रा को “सर्वश्रेष्ठ पर्यटक परिक्रमा/पथ” श्रेणी में सम्मानित किया गया। यह यात्रा उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का प्रमुख प्रतीक मानी जाती है और हर साल लाखों श्रद्धालु इसमें भाग लेते हैं।
उत्तराखंड पर्यटन विभाग ने इस सम्मान को राज्य की जनता, पर्यटकों और उन सभी सहयोगियों को समर्पित किया है, जिन्होंने पर्यटन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में योगदान दिया। विभाग ने भविष्य में और भी उपलब्धियाँ अर्जित करने तथा पर्यटन क्षेत्र में निवेश और नवाचार को प्रोत्साहित करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
इन दोनों पुरस्कारों ने उत्तराखंड की प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे राज्य में धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक पर्यटन और एडवेंचर पर्यटन को नई गति मिलेगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आर्थिक विकास के अवसर भी मिलेंगे।