Haridwar Kumbh 2027: 2027 हरिद्वार कुंभ में देवडोलियों और लोक देवताओं की भव्य शोभायात्रा सुनिश्चित की जाएगी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
Haridwar Kumbh 2027: 2027 हरिद्वार कुंभ में देवडोलियों और लोक देवताओं की भव्य शोभायात्रा सुनिश्चित की जाएगी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले भव्य कुंभ मेले में उत्तराखण्ड की देवडोलियों, लोक देवताओं के प्रतीकों और चल विग्रहों के दिव्य स्नान तथा शोभायात्रा के लिए उत्कृष्ट और भव्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला भारत की महान धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महापर्व है, जो आध्यात्मिक आस्था, पवित्रता और सनातन परंपराओं की गरिमा को विश्व पटल पर स्थापित करता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरिद्वार में होने वाले कुंभ मेले में राज्य की देवडोलियों की दिव्य उपस्थिति और भव्य शोभायात्रा के आयोजन के माध्यम से देश और दुनिया से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को देवभूमि उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक वैभव और प्राचीन परंपराओं का अद्भुत अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल धार्मिक उत्सव होगा बल्कि उत्तराखण्ड की अस्मिता और सांस्कृतिक गौरव के प्रदर्शन का भी अवसर बनेगा।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभा यात्रा समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर कुंभ मेला 2027 में देवडोलियों की शोभायात्रा की भव्यता को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष हर्षमणि व्यास सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार इस महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विकास और आयोजन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर और अधिक सशक्त करने के लिए कुंभ मेला 2027 ऐतिहासिक एवं स्मरणीय बनाया जाएगा।