Uttarakhand: राज्यपाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर लिखित पुस्तक का विमोचन किया, उनके नेतृत्व और व्यक्तित्व की सराहना की
Uttarakhand: राज्यपाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर लिखित पुस्तक का विमोचन किया, उनके नेतृत्व और व्यक्तित्व की सराहना की
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) ने आज राजभवन में युवा लेखिका संभावना पंत द्वारा संकलित पुस्तकें पुष्कर धामी: हिमालय की जीवंत ऊष्मा और Pushkar Dhami: The Vibrant Heat of the Himalayas का विमोचन किया। पुस्तक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के व्यक्तित्व, उनके जीवन संघर्ष और नेतृत्व गुणों पर केंद्रित है।
विमोचन समारोह में कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, स्वामी चिदानंद सरस्वती महाराज और पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र एवं पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड भगत सिंह कोश्यारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पुस्तक का प्रकाशन प्रभात पब्लिकेशन और रूपा पब्लिकेशन द्वारा किया गया है।

राज्यपाल ने लेखिका संभावना पंत की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुस्तक में मुख्यमंत्री के पहाड़ी संघर्षों से भरे बाल्यकाल, दादाजी के आदर्शों का पालन, माता की विनम्रता और सैनिक पिता की अनुशासनप्रियता को संजोकर उनके जीवन का चित्र प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने कार्यों से उत्तराखण्ड को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं और राज्य में विकास की नई ऊँचाइयों को स्थापित किया है।

राज्यपाल ने विशेष रूप से कहा कि मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं जैसे सिलक्यारा, जोशीमठ और धराली-थराली में प्रभावित लोगों के बीच जाकर उनकी मदद की। उनके नेतृत्व में राज्य की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यशैली में सुधार हुआ, साथ ही राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री में अनुशासन, करुणा और विनम्रता का अद्भुत संतुलन है, और यह पुस्तक उनके इन गुणों का सम्मान करती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने बाल्यकाल की पगडंडियों और ग्रामीण अनुभवों को साझा किया। उन्होंने भावुक होकर अपनी माता के संघर्षों और सैनिक पिता के जीवन का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि जीवन में कभी यह नहीं सोचा था कि वे कुछ बड़ा करेंगे, लेकिन हमेशा यह भावना रही कि समाज के लिए कुछ सकारात्मक करना चाहिए।
परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के स्वामी चिदानंद सरस्वती और कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री के कार्यों की सराहना की। लेखिका संभावना पंत ने कहा कि यह पुस्तक मुख्यमंत्री के व्यक्तिगत गुणों, उनके आचरण और दूरदर्शी सोच को प्रतिबिंबित करती है।
समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल व कल्पना सैनी, विधायक सावित्री कपूर और बृजभूषण गैरोला, पद्मश्री बसंती बिष्ट, टपकेश्वर महादेव मंदिर के प्रमुख किशन गिरी महाराज सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।