Ghaziabad Event: गाजियाबाद में ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Ghaziabad Event: गाजियाबाद में ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
गाजियाबाद के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, नेहरू नगर में शुक्रवार को “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश @2047” विषय पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक किए गए विकास कार्य 2047 तक विकसित भारत की मजबूत आधारशिला साबित होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सांसद रमेश चंद्र तोमर द्वारा लिखित पुस्तक “भारतवर्ष की स्वर्णाभा नरेंद्र मोदी” का विमोचन भी किया। उन्होंने इस पुस्तक को युवाओं और आमजन के लिए प्रेरणादायक बताते हुए आग्रह किया कि इसे पढ़ा जाए और उपहार स्वरूप भी लोगों को दी जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इससे लाभान्वित हों। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में पिछले 11 वर्षों में नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा किए गए अभूतपूर्व कार्यों का विस्तृत उल्लेख है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 12 विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। मंच पर भाजपा पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत तभी विकसित हो सकता है जब उत्तर प्रदेश विकसित होगा और उत्तर प्रदेश का विकास गाजियाबाद से होकर गुजरता है। इसलिए गाजियाबाद को शिक्षा, उद्योग, तकनीक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में और आगे बढ़ाना जरूरी है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए पंच प्रण – विकसित भारत का निर्माण, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, विरासत पर गर्व, एकता और कर्तव्यपालन – को हर नागरिक को अपने जीवन में उतारना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रत्येक नागरिक यदि अपने कर्तव्यों को राष्ट्रीय जिम्मेदारी मानकर निभाए तो 2047 तक भारत निश्चित रूप से विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल होगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लंबे समय तक गुलामी की मानसिकता ने भारत को पीछे धकेला। 400 वर्ष पहले भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन 1947 तक धीरे-धीरे पिछड़ गया। वर्ष 2014 में भारत 11वें स्थान पर था, लेकिन मोदी सरकार के प्रयासों से 2025 तक भारत चौथे नंबर पर पहुंचा और वित्तीय वर्ष के अंत तक तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय स्वतंत्र सोच और मेहनत को जाता है।
उन्होंने सेवा पखवाड़े का उल्लेख करते हुए कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार की थीम पर कार्य हो रहा है। यह अभियान महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों की जयंती से भी जुड़ा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे समर्थ उत्तर प्रदेश की वेबसाइट या क्यूआर कोड के माध्यम से अपने सुझाव अवश्य दें। प्रदेश और जिला स्तर पर श्रेष्ठ सुझाव देने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत के श्रमिकों की आय तीन गुना बढ़ी है। गाजियाबाद जो पहले अपराध और गैंगस्टरों के लिए बदनाम था, आज शिक्षा और उद्योग का केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अब “बीमारू राज्य” नहीं बल्कि देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि गाजियाबाद अब शिक्षा, उद्योग और तकनीक से जुड़ा शहर बन चुका है। राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने जनता से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री मोदी के सपनों को साकार करने के लिए अपने विचार और सहयोग दें। सांसद अतुल गर्ग ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है और गाजियाबाद इसमें प्रमुख भूमिका निभा रहा है।
लेखक और पूर्व सांसद रमेश चंद्र तोमर ने बताया कि उनकी पुस्तक “भारतवर्ष की स्वर्णाभा नरेंद्र मोदी” में केंद्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का विस्तार से वर्णन किया गया है। उन्होंने इसे समाज के हर वर्ग के लिए उपयोगी बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पूनम शर्मा ने किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि समाज और देश के विकास के लिए दृढ़ निश्चय और जिद जरूरी है। यदि हर नागरिक यह ठान ले कि उसका हर कार्य केवल व्यक्तिगत नहीं बल्कि देशहित के लिए है, तो भारत का विकसित राष्ट्र बनने का लक्ष्य अवश्य पूरा होगा।