Munsyari Visit: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मुनस्यारी दौरा: सीमान्त विकास और जनसंपर्क पर दिया विशेष जोर
Munsyari Visit: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मुनस्यारी दौरा: सीमान्त विकास और जनसंपर्क पर दिया विशेष जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज पिथौरागढ़ जनपद के मुनस्यारी के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे, जहां उनका स्वागत गर्मजोशी और उत्साह के साथ किया गया। मुनस्यारी हेलीपैड पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पुलिस बल ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत कर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में उपस्थित मुनस्यारी क्षेत्र की माताओं, बहनों और स्थानीय नागरिकों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने लोगों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की और क्षेत्रवासियों के समर्थन व स्नेह के लिए धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार निरंतर इस दिशा में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने जनता को आश्वस्त किया कि सीमांत अंचलों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने आईटीबीपी की 14वीं बटालियन, मुनस्यारी पोस्ट का दौरा किया। वहां उन्होंने जवानों से मुलाकात कर सीमाओं की सुरक्षा में उनके साहस और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों के त्याग और अनुशासन से ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों से भी भेंट कर क्षेत्र की विकास योजनाओं, जनसमस्याओं और आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके। इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने कॉलेज के पुराने मित्रों से भी भेंट की। उन्होंने उनसे आत्मीय संवाद करते हुए पुराने दिनों की यादें साझा कीं, उनके साथ स्मृति के रूप में सेल्फी ली और उनके परिवारजनों की कुशलक्षेम पूछी। मुख्यमंत्री धामी का यह दौरा मुनस्यारी में उत्साह का केंद्र रहा। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्नेहपूर्ण व्यवहार और जनसंपर्क शैली सीमांत क्षेत्रों के लोगों के लिए प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक है।