Uttarakhand: खटीमा में शहीद राज्य आंदोलनकारियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी श्रद्धांजलि, आश्रितों और आंदोलनकारियों को किया सम्मानित

Uttarakhand: खटीमा में शहीद राज्य आंदोलनकारियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी श्रद्धांजलि, आश्रितों और आंदोलनकारियों को किया सम्मानित
खटीमा,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज खटीमा में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। यह कार्यक्रम उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों की स्मृति में आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया और उनके आश्रितों व आंदोलनकारियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन खटीमा गोलीकांड के अमर बलिदानियों—भगवान सिंह सिरौला, प्रताप सिंह, रामपाल, सलीम अहमद, गोपीचंद, धर्मानंद भट्ट और परमजीत सिंह—को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का हर नागरिक इन वीर सपूतों का सदैव ऋणी रहेगा।
राज्य आंदोलन की यादों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा की इस घटना ने पूरे प्रदेश को प्रेरित किया और उत्तराखंड के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूत किया। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आंदोलनकारियों के लिए सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है। शहीद आंदोलनकारियों के परिवारों को 3000 रुपये मासिक पेंशन दी जा रही है। साथ ही घायल और जेल गए आंदोलनकारियों को 6000 रुपये तथा सक्रिय आंदोलनकारियों को 4500 रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि नए कानून के तहत आंदोलनकारियों की परित्यक्ता, विधवा और तलाकशुदा पुत्रियों को भी आरक्षण का लाभ मिलेगा। अब तक 93 आंदोलनकारियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्त किया जा चुका है और उन्हें पहचान पत्र भी जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त आंदोलनकारियों को सरकारी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलन में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। मातृशक्ति ने आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लिया और इसी योगदान को देखते हुए राज्य की महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, विधायक भुवन कापड़ी, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, सुभाष बर्थवाल, फरजाना बेगम, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दान सिंह रावत, नंदन सिंह खड़ायत, जीवन सिंह धामी, गोपाल सिंह राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, डीएफओ हिमांशु बागरी, एडीएम पंकज उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी और स्थानीय जनता मौजूद रही।