Igas Festival: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं दी, लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का किया आह्वान
 
            
      Igas Festival: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं दी, लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का किया आह्वान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व, जिसे बूढ़ी दीपावली के नाम से भी जाना जाता है, की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराएं देवभूमि की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य की लोक संस्कृति उसकी आत्मा होती है, और इगास पर्व इसी आत्मा की जीवंत अभिव्यक्ति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लोक पर्व न केवल सामाजिक जीवन में उत्साह और ऊर्जा भरते हैं, बल्कि हमें अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य भी करते हैं। उन्होंने कहा कि जैसे देशभर में सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना हो रही है, उसी तरह उत्तराखंड में भी इगास पर्व को अत्यंत उत्साह और गर्व के साथ मनाया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने इगास पर्व पर सार्वजनिक अवकाश की परंपरा शुरू की है ताकि लोग इस पर्व को अपने परिवार और पैतृक गांवों में परंपरागत रूप से मना सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल हमारी संस्कृति को पुनर्जीवित करने और युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रवासी उत्तराखंडवासियों से भी आग्रह किया कि वे इगास जैसे पारंपरिक पर्वों को अपने गांवों में जाकर मनाएं और प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति का संरक्षण तभी संभव है जब हम सभी अपने पर्वों और परंपराओं को पूरे हृदय से अपनाएं।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की और कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत हमें एकजुट करती है और समाज में सामंजस्य और प्रेम का संदेश देती है।
 
                      
                     