Ekta Diwas Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरदार पटेल जयंती पर दी श्रद्धांजलि, कहा– अखंड भारत के शिल्पकार से मिलती है निरंतर प्रेरणा
 
            
      Ekta Diwas Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरदार पटेल जयंती पर दी श्रद्धांजलि, कहा– अखंड भारत के शिल्पकार से मिलती है निरंतर प्रेरणा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्र एकता और अखंडता के लिए सरदार पटेल के अमूल्य योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्र भारत के निर्माण में जो भूमिका निभाई, वह सदा प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को अखंड राष्ट्र के रूप में संगठित किया। उनके अदम्य साहस, दृढ़ निश्चय और राष्ट्रनिष्ठ दृष्टिकोण ने भारत की नींव को मजबूती प्रदान की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन भारत के युवाओं के लिए आदर्श है। उन्होंने दिखाया कि जब नेतृत्व में स्पष्टता, दृढ़ता और राष्ट्र के प्रति समर्पण हो, तो असंभव भी संभव बन सकता है। आज उनके विचार ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की एकता की भावना ही विकसित भारत के निर्माण की दिशा में हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों और उनके समर्पण से प्रेरणा लेते हुए एकजुट होकर देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि भारत की एकता और अखंडता को बनाए रखना हर नागरिक का नैतिक दायित्व है।
 
                      
                     