Champawat Development: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत में वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवाद किया, विकास कार्यों की जानकारी दी

Champawat Development: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत में वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवाद किया, विकास कार्यों की जानकारी दी
चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जिला पंचायत सभागार, चंपावत में प्रबुद्ध नागरिकों और वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों को समाज के मार्गदर्शक स्तंभ बताया और कहा कि उनके अनुभव और आशीर्वाद से ही चंपावत आदर्श जनपद बनेगा, जो आदर्श उत्तराखण्ड के निर्माण में मार्गदर्शक होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत जिले के सिर्फ सिप्टी क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि समूचे जनपद में इससे कहीं अधिक कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि अब तक की गई 306 घोषणाओं में से 196 पूरी हो चुकी हैं और शेष पर तीव्र गति से कार्य जारी है।
धामी ने कहा कि आदर्श चंपावत केवल एक जिला नहीं, बल्कि “आदर्श उत्तराखण्ड” के निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम है। जिले में साइंस सेंटर का निर्माण पूर्ण हो चुका है, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का नया परिसर आरंभ हो चुका है और चंपावत को स्मार्ट सिटी मिशन में भी शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने पूर्णागिरि रोपवे परियोजना, शारदा कॉरिडोर और वेडिंग डेस्टिनेशन उत्तराखण्ड योजना जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य जारी होने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले का सामाजिक और आर्थिक विकास और भी मजबूत होगा।
सम्मेलन में उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि चंपावत ने जिस विश्वास के साथ उन्हें 93 प्रतिशत से अधिक मत देकर विधायक बनाया था, वही विश्वास अब विकास कार्यों के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और आयुर्वेदिक औषधि निर्माण के क्षेत्र में हो रहे सुधारों की सराहना की और पेंशन से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, अनिल डब्बू, शंकर कोरंगा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अचला बोहरा, ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्या, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक और अधिकारीगण उपस्थित रहे।