Doctors SD ACP Benefit: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिकित्सकों को दी बड़ी सौगात, मिलेगा SD ACP का लाभ
उत्तराखण्ड के चिकित्सकों के लिए राहत और खुशखबरी लेकर आई है राज्य सरकार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि अब प्रांतीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के चिकित्साधिकारियों को SD ACP (Assured Career Progression) का लाभ प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हमारे डॉक्टर हैं। कठिन पहाड़ी परिस्थितियों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक, चिकित्सक निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के हितों की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। SD ACP का लाभ मिलने से जहां चिकित्सकों को आर्थिक मजबूती मिलेगी, वहीं वे और अधिक प्रेरित एवं समर्पित होकर सेवाएं देंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हमेशा अपने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ खड़ी है।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने जानकारी दी कि प्रांतीय चिकित्सा सेवा संवर्ग के चिकित्साधिकारियों को यह लाभ शासनादेश संख्या 654 (दिनांक 14.07.2016) और शासनादेश संख्या 154 (दिनांक 04.02.2019) के प्रावधानों के तहत मिलेगा। स्क्रीनिंग कमेटी की संस्तुति के आधार पर इस लाभ की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कुल 196 पदों का विवरण इस प्रकार है:
-
लेवल 11 : 70 पद, ग्रेड पे 5400 रुपये
-
लेवल 12 : 56 पद, ग्रेड पे 6600 रुपये
-
लेवल 13 (श्रेणी 1) : 27 पद, ग्रेड पे 7600 रुपये
-
लेवल 13 (श्रेणी 2) : 43 पद, ग्रेड पे 8700 रुपये
इस प्रकार कुल 196 पदों पर यह लाभ लागू होगा।
इस निर्णय से बड़ी संख्या में चिकित्साधिकारी लाभान्वित होंगे। इससे न केवल उनके कैरियर को मजबूती मिलेगी, बल्कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को भी और अधिक सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।