Uttarakhand: मुख्यमंत्री धामी ने मनरेगा कर्मकारों के लिए उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निकार कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण शुरू किया
Uttarakhand: मुख्यमंत्री धामी ने मनरेगा कर्मकारों के लिए उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निकार कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण शुरू किया
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निकार कर्मकार कल्याण बोर्ड में मनरेगा कर्मकारों के पंजीकरण का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति के विकास को केंद्र में रखते हुए कार्य कर रही है और इस पंजीकरण से मनरेगा श्रमिकों को कल्याण बोर्ड की सभी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में मनरेगा के तहत 16.3 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं, जिनमें से 9.5 लाख सक्रिय हैं। अब वर्ष में न्यूनतम 90 दिन काम करने वाले मनरेगा श्रमिक भी उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निकार कर्मकार कल्याण बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। वर्तमान में बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों की संख्या 5.35 लाख है। मनरेगा श्रमिकों के जुड़ने से लाखों अन्य श्रमिकों तक बोर्ड की सेवाओं का लाभ पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि श्रमिकों का कल्याण हो और साथ ही प्रदेश में उद्योगों और निवेशकों के लिए सकारात्मक माहौल बनाया जाए। उन्होंने खनन क्षेत्र के सुधारों का उदाहरण देते हुए बताया कि खनन राजस्व पहले 400 करोड़ रुपए था, जो अब 1200 करोड़ रुपए हो गया है। केंद्र सरकार ने भी राज्य को 200 करोड़ रुपए की सहायता प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने उद्योगों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम जैसी सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि निवेशकों को अनावश्यक औपचारिकताओं में उलझने नहीं दिया जाएगा।
इस अवसर पर सचिव श्रीधर बाबू अदांकी ने बताया कि श्रम विभाग और ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से यह योजना संचालित की जा रही है और अब मनरेगा श्रमिकों का पंजीकरण ऑनलाइन पोर्टल पर विकास खंड स्तर तक किया जाएगा। श्रमायुक्त पीसी दुम्का ने कहा कि पंजीकरण के बाद मनरेगा श्रमिक अन्य बोर्ड के श्रमिकों की तरह स्वास्थ्य सहायता, दो बच्चों की शिक्षा, दो बेटियों की शादी, मृत्यु पर सहायता और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले सकेंगे। इस मौके पर आयुक्त ग्राम्य विकास अनुराधा पाल और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।