CAG Report 2023: उत्तराखण्ड ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में राजस्व अधिशेष दर्ज कर इतिहास रचा, CAG रिपोर्ट से पुष्टि

CAG Report 2023: उत्तराखण्ड ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में राजस्व अधिशेष दर्ज कर इतिहास रचा, CAG रिपोर्ट से पुष्टि
देहरादून,भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की हालिया रिपोर्ट के अनुसार उत्तराखण्ड ने वित्तीय वर्ष 2022-23 में 5,310 करोड़ रुपये का राजस्व अधिशेष दर्ज किया है, जो राज्य के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस उपलब्धि के साथ उत्तराखण्ड उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो गया है जिन्होंने इस अवधि में राजस्व अधिशेष प्राप्त किया है।
CAG रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2022-23 में राज्य ने 5,310 करोड़ रुपये का राजस्व अधिशेष हासिल किया, जो राज्य की आर्थिक मजबूती और वित्तीय अनुशासन का स्पष्ट संकेत है। कभी “बिमारू” श्रेणी में शामिल रहे उत्तराखण्ड ने अब सतर्क वित्तीय प्रबंधन और पारदर्शी नीतियों के बल पर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। यह संकेत देता है कि राज्य ने पूर्व की वित्तीय चुनौतियों को पार करते हुए स्थिर और सुदृढ़ आर्थिक स्थिति हासिल की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि को उत्तराखण्ड की सुशासन नीतियों और वित्तीय अनुशासन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार ने उत्तराखण्ड को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह केवल आंकड़ों की उपलब्धि नहीं, बल्कि राज्य की आर्थिक आत्मनिर्भरता और समृद्ध भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम है।
सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और वित्तीय अनुशासन की नीति पर लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस उपलब्धि से राज्य का विकास और निवेश का माहौल मजबूत होगा, जिससे उत्तराखण्ड को एक विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त राज्य बनाने की दिशा में नए अवसर मिलेंगे।