Bihar Makar Sankranti Exhibition 2026: मकर संक्रांति प्रदर्शनी 2026 दिल्ली में सजा बिहार की संस्कृति, स्वाद और विकास का भव्य संगम
Bihar Makar Sankranti Exhibition 2026: मकर संक्रांति प्रदर्शनी 2026 दिल्ली में सजा बिहार की संस्कृति, स्वाद और विकास का भव्य संगम
बिहार सरकार द्वारा आयोजित मकर संक्रांति प्रदर्शनी 2026 का भव्य आयोजन 15 से 18 जनवरी 2026 तक नई दिल्ली स्थित बिहार निवास लॉन्स, टिकेंद्रजीत मार्ग, चाणक्यपुरी में किया जा रहा है। चार दिवसीय इस प्रदर्शनी में बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कला, विशिष्ट व्यंजन और तेजी से विकसित होते औद्योगिक व तकनीकी स्वरूप को एक ही मंच पर प्रस्तुत किया गया है। यह प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से शाम 7:00 बजे तक आम जनता के लिए खुली है और राजधानी दिल्ली में बिहार की पहचान को सशक्त रूप से दर्शा रही है।
प्रदर्शनी के दौरान बिहार के माननीय राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खां और बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री श्री संजय सिंह टाइगर ने शुक्रवार को बिहार निवास पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया। दोनों अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का दौरा कर बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और तकनीकी नवाचारों की सराहना की। राज्यपाल ने कहा कि बिहार की संस्कृति सदैव समावेशी और प्रगतिशील रही है और इस तरह की प्रदर्शनी परंपरा व आधुनिकता के संतुलित समन्वय को दर्शाती है, जिससे राज्य की सकारात्मक और विकसित होती छवि देश-दुनिया के सामने आती है।

श्रम संसाधन मंत्री श्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि यह प्रदर्शनी बिहार की मेहनतकश संस्कृति, कारीगरों की कला और युवाओं की नवाचार क्षमता को राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल राज्य के उत्पादों को नई पहचान मिलती है, बल्कि रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलता है।
शाम के समय उद्योग निदेशक श्री मुकुल गुप्ता ने भी प्रदर्शनी का दौरा किया और औद्योगिक विकास, निवेश और स्टार्ट-अप से जुड़े स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली जैसे नीति और निवेश केंद्र में इस प्रकार की प्रदर्शनी बिहार के औद्योगिक सामर्थ्य, एमएसएमई और स्टार्ट-अप इकोसिस्टम को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का प्रभावी मंच है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ता है और राज्य में उद्योग विस्तार की नई संभावनाएं बनती हैं।
प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर उद्योग विभाग, बिहार सरकार के सचिव एवं बिहार भवन, नई दिल्ली के स्थानिक आयुक्त श्री कुंदन कुमार ने कहा कि मकर संक्रांति प्रदर्शनी केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह बिहार की परंपरा, प्रतिभा और प्रगति का जीवंत प्रदर्शन है, जो राजधानी दिल्ली में राज्य की सकारात्मक छवि को मजबूती प्रदान करता है। प्रदर्शनी में मधुबनी, सिक्की, सुजनी जैसी पारंपरिक हस्तशिल्प शैलियों के साथ बिहार के प्रसिद्ध व्यंजन, स्थानीय उत्पाद और लोक व समकालीन कलाओं को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही औद्योगिक विकास, निवेश नीतियों, एमएसएमई, स्टार्ट-अप्स और नवाचार से जुड़े स्टॉल बिहार की आर्थिक प्रगति की झलक पेश कर रहे हैं।

खास आकर्षण के रूप में बिहार सरकार द्वारा विकसित AI आधारित कैलेंडर प्रदर्शनी में लोगों का ध्यान खींच रहा है। QR कोड स्कैन करते ही बिहार के पर्व-त्योहारों, सांस्कृतिक तिथियों, सरकारी कार्यक्रमों और विशेष दिवसों की अद्यतन जानकारी डिजिटल रूप में उपलब्ध हो रही है। वहीं ड्रोन और आधुनिक तकनीक आधारित स्टॉल कृषि, सर्वेक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में तकनीक के उपयोग को दर्शा रहे हैं। मकर संक्रांति के सांस्कृतिक उल्लास और रंगीन माहौल के बीच यह प्रदर्शनी बिहार की संस्कृति के साथ-साथ विकास की सशक्त तस्वीर प्रस्तुत कर रही है।