Atal Bihari Vajpayee Statue Unveiling: आंध्र प्रदेश के मदनपल्ली में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को किया संबोधित
Atal Bihari Vajpayee Statue Unveiling: आंध्र प्रदेश के मदनपल्ली में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसभा को किया संबोधित
अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत और राष्ट्र निर्माण का योगदान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आंध्र प्रदेश के अन्नामय्या जिले के मदनपल्ली में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘अटल–मोदी सुशासन यात्रा’ में सहभागिता की और विशाल जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का हिस्सा बनना उनके लिए गौरव और भावनात्मक क्षण है। उन्होंने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का जीवंत उदाहरण रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से वैश्विक मंच पर अपनी सामरिक शक्ति का परिचय दिया। स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और दूरसंचार क्रांति जैसे ऐतिहासिक फैसलों ने देश के बुनियादी ढांचे को नई दिशा दी। गठबंधन राजनीति के दौर में भी अटल जी ने स्थिर और प्रभावी सरकार चलाकर यह सिद्ध किया कि जब लक्ष्य राष्ट्रहित हो, तो विविध विचारधाराएं भी एकजुट होकर देश को आगे बढ़ा सकती हैं।

मोदी नेतृत्व में सुशासन और विकसित भारत की ओर बढ़ता देश
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अटल जी की विचारधारा और प्रेरणा से ही आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है। स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसी योजनाओं ने भारत को आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की मजबूत नींव रखी है। आज भारत न केवल विश्व की अग्रणी आर्थिक शक्तियों में शामिल हो रहा है, बल्कि रक्षा, अंतरिक्ष और अवसंरचना के क्षेत्र में भी नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश के 99 प्रतिशत गांव सड़कों से जुड़ चुके हैं और स्वास्थ्य, शिक्षा तथा परिवहन के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। सनातन संस्कृति और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण के लिए अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, उज्जैन का महाकाल लोक और बद्रीनाथ–केदारनाथ धाम का पुनर्निर्माण ऐतिहासिक उदाहरण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुच्छेद 370 की समाप्ति, ट्रिपल तलाक उन्मूलन, नागरिकता संशोधन अधिनियम और वक्फ संशोधन जैसे फैसलों ने एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प को सशक्त किया है। उन्होंने आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पोलावरम परियोजना, औद्योगिक शहर, सेमीकंडक्टर इकाइयों और आधुनिक उद्योगों के माध्यम से राज्य विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की प्रेरणा से ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण संभव हुआ और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्टार्टअप और सुशासन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बन चुका है। समान नागरिक संहिता लागू करना, धर्मांतरण विरोधी कानून और भूमि संरक्षण से जुड़े कठोर निर्णय इसी दूरदर्शी सोच का परिणाम हैं।