Uttarakhand Government Jobs: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नव-नियुक्त सहायक समीक्षा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए
Uttarakhand Government Jobs: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नव-नियुक्त सहायक समीक्षा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास स्थित कैंप कार्यालय में राजस्व परिषद के नव-चयनित सहायक समीक्षा अधिकारी और समीक्षा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कार्मिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली से पूर्व यह नियुक्ति पत्र प्राप्त करना न केवल कार्मिकों के लिए बल्कि उनके परिवारजनों के लिए भी विशेष प्रसन्नता का अवसर है। उन्होंने परिवारजनों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते चार वर्षों में राज्य में 26,500 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि राज्य में पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर भर्ती प्रक्रिया को निरंतर अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने उल्लेख किया कि हाल ही में हरिद्वार में हुई एक परीक्षा से संबंधित प्रकरण पर त्वरित कार्रवाई की गई, आरोपी को गिरफ्तार किया गया और एसआईटी जांच गठित की गई। छात्रों की मांगों और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षा को निरस्त कर सीबीआई जांच की संस्तुति की गई।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि राज्य में आयोजित सभी प्रतियोगी परीक्षाएं पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ हुई हैं और भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद से ही रिक्त पदों को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से भरने का अभियान शुरू किया गया, जिसके परिणामस्वरूप हजारों युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी यह भर्ती अभियान पूरी पारदर्शिता के साथ जारी रहेगा।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव एस.एन. पांडे, अपर सचिव रंजना राजगुरु, राजस्व परिषद के अधिकारीगण तथा नव-नियुक्त सहायक समीक्षा अधिकारी और समीक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।