Uttarakhand CM: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जन्मदिवस पर सादगी और सेवा को देंगे प्राथमिकता
 
            
      Uttarakhand CM: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जन्मदिवस पर सादगी और सेवा को देंगे प्राथमिकता
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि उनके जन्मदिवस 16 सितम्बर के अवसर पर किसी प्रकार का औपचारिक आयोजन या उत्सव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यह दिन सादगी और सेवा के लिए समर्पित रहेगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, जन्मदिन जैसे अवसर का सच्चा अर्थ समाज और जरूरतमंदों की सेवा करना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दिन वे आपदा प्रभावितों और आमजन की मदद में समय देंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के कई क्षेत्रों में आपदा से प्रभावित परिवार कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं और ऐसे समय में समाज के प्रत्येक वर्ग को उनकी सहायता के लिए आगे आना चाहिए। उनका मानना है कि हर एक प्रयास पीड़ित परिवारों के लिए संबल और आशा का स्रोत बन सकता है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, शिक्षा सहयोग और आपदा राहत जैसे कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। सेवा और त्याग की भावना ही उत्तराखंड की असली पहचान है। यदि हर नागरिक इसी दृष्टिकोण से कार्य करे, तो राज्य को हर क्षेत्र में मजबूती और नई ऊर्जा मिलेगी।
सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग की जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री का यह निर्णय समाज में सेवा और समर्पण की भावना को प्रोत्साहित करने वाला उदाहरण है और लोगों को सामाजिक कार्यों में सक्रिय होने के लिए प्रेरित करेगा।
 
                      
                     