IIT Kanpur Samvad: विकसित भारत के लिये हर क्षेत्र को चिह्नित कर काम करना होगा: सीएम योगी आदित्यनाथ

IIT Kanpur Samvad: विकसित भारत के लिये हर क्षेत्र को चिह्नित कर काम करना होगा: सीएम योगी आदित्यनाथ
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को आईआईटी कानपुर में आयोजित उद्योग-अकादमिक जुड़ाव कार्यक्रम समन्वय को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार करने के लिये आवश्यक है कि देश के हर क्षेत्र को चिह्नित कर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि विकसित भारत केवल आर्थिक रूप से ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता के प्रत्येक क्षेत्र में मजबूत और सक्षम होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ग्यारह वर्षों में भारत ने एक नया रूप लिया है। आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और आने वाले दो वर्षों में यह तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि निकट भविष्य में भारत दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा और इस उपलब्धि में युवाओं का योगदान सबसे महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अपनी भूमिका को मजबूती से निभाएं।
योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में निराशा और अव्यवस्था का माहौल था। देशभर में यह धारणा बन चुकी थी कि उत्तर प्रदेश कभी सुधार नहीं सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद आठ वर्षों में राज्य सरकार ने जनता के सहयोग से ऐसे प्रयास किए जिनका परिणाम यह है कि आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला राज्य बन चुका है।
कार्यक्रम के महत्व पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने आईआईटी कानपुर के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समन्वय कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और सस्टेनेबिलिटी जैसे तीन अहम विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। ये विषय आज की दुनिया में न केवल तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि सामाजिक और वैश्विक चिंताओं से भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की चर्चाओं से युवा लाभान्वित होंगे और भविष्य की चुनौतियों से निपटने में सक्षम बनेंगे।
मुख्यमंत्री ने कोविड-19 महामारी के समय आईआईटी कानपुर के योगदान को भी याद किया। उन्होंने बताया कि कैसे इस संस्थान ने सरकार की मदद करते हुए विभिन्न निदानात्मक आकलन किए और राहत कार्यों में सहयोग प्रदान किया। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और आईआईटी कानपुर का तालमेल डिफेंस कॉरिडोर परियोजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं में भी काम आ रहा है, जो आने वाले समय में राज्य की औद्योगिक और आर्थिक स्थिति को नई दिशा देगा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से नहीं होगा बल्कि अकादमिक संस्थानों, उद्योगों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही यह संभव हो सकेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश और देश के युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा से भारत को 2047 तक एक आत्मनिर्भर और विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।