Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में स्थानीय जनता से लिया फीडबैक

Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण में स्थानीय जनता से लिया फीडबैक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज प्रातःकाल भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में चाय की चुस्कियों का आनंद लेते हुए स्थानीय जनता से संवाद किया। उन्होंने इस दौरान श्री चंद्र सिंह नेगी के प्रतिष्ठान पर पहुंचकर आमजन से कुशलक्षेम जाना और सरकार द्वारा संचालित विकासपरक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर सीधा फीडबैक भी लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा सत्र के समापन के बाद गैरसैंण में रुककर स्थानीय जीवन से जुड़ने का यह अवसर उनके लिए बेहद विशेष है। उन्होंने बताया कि गैरसैंण केवल उत्तराखण्ड की ग्रीष्मकालीन राजधानी ही नहीं है, बल्कि यह एक सुंदर और संभावनाओं से भरपूर पर्यटन स्थल भी है। यहां की मनमोहक वादियां, शुद्ध पर्वतीय हवा और शांत वातावरण हर किसी को आकर्षित करते हैं और जीवन में एक नई ऊर्जा का संचार करते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार लगातार इस क्षेत्र के विकास और पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। उनका मानना है कि गैरसैंण न केवल राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर के रूप में भी उत्तराखण्ड की पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।