Dehradun Tiranga Yatra: देहरादून में भव्य तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करते हुए सीएम धामी, हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ

Dehradun Tiranga Yatra: देहरादून में भव्य तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करते हुए सीएम धामी, हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ
देहरादून, बुधवार – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क से हजारों की संख्या में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, युवाओं, छात्र-छात्राओं, महिलाओं और बच्चों के साथ भव्य तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। यात्रा में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा। हाथों में तिरंगा लिए लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था, मानो देहरादून की सड़कों पर पूरा भारत उमड़ पड़ा हो। राष्ट्रभक्ति के गीतों की मधुर धुनों के बीच मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों, विशेषकर युवाओं का हौसला बढ़ाया और सभी को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान (13-15 अगस्त) का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी स्वतंत्रता, एकता और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत प्रतीक है। यह हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों, शहीद सैनिकों और महान सपूतों के त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि इस स्वतंत्रता दिवस पर अपने घर, प्रतिष्ठान, कार्यस्थल और संस्थानों पर तिरंगा सम्मान और गौरव के साथ फहराएं तथा अमर सेनानियों को नमन करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि यह भारत माता और उन सभी वीरों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए अपना सब कुछ न्योछावर किया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के हर गांव, नगर और जनपद में इस प्रकार की भव्य तिरंगा यात्राएं आयोजित की जा रही हैं, जो राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर रही हैं।