Raksha Bandhan 2025: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं, महिलाओं को दी बस यात्रा में फ्री सुविधा

Raksha Bandhan 2025: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी रक्षाबंधन की शुभकामनाएं, महिलाओं को दी बस यात्रा में फ्री सुविधा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के आपसी स्नेह, विश्वास और कर्त्तव्य का प्रतीक है। यह पर्व भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं का अभिन्न हिस्सा है और इसका ऐतिहासिक महत्व भी अत्यंत गहरा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन न केवल एक पारिवारिक त्यौहार है, बल्कि यह सामाजिक सद्भाव, आपसी सम्मान और सुरक्षा की भावना को भी मजबूत करता है। विशेष रूप से यह पर्व महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक रक्षासूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणा भी है।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक महिलाओं को बराबरी का दर्जा और सभी क्षेत्रों में सशक्त नहीं किया जाएगा, तब तक एक समृद्ध और प्रगतिशील उत्तराखण्ड की कल्पना अधूरी रहेगी। उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील की कि वे महिलाओं की प्रगति में सहयोग करें और एक आदर्श समाज के निर्माण में भागीदार बनें, जहाँ महिलाओं को समान अवसर और सम्मान मिल सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को उत्तराखण्ड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। यह निर्णय राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के प्रति सम्मान और उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देने के दृष्टिकोण से लिया गया है। यह सुविधा रक्षाबंधन के दिन प्रदेश के भीतर सभी रूटों पर लागू होगी, जिससे महिलाएं अपने भाईयों के साथ यह पर्व हर्षोल्लास से मना सकें।