President Draupadi Murmu: राष्ट्रपति मुर्मू का उत्तराखंड दौरा, दिव्यांगजनों के बीच मनाया जन्मदिन, ‘राष्ट्रपति निकेतन’ का किया लोकार्पण

President Draupadi Murmu: राष्ट्रपति मुर्मू का उत्तराखंड दौरा, दिव्यांगजनों के बीच मनाया जन्मदिन, ‘राष्ट्रपति निकेतन’ का किया लोकार्पण
देहरादून, राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर देहरादून के राजपुर रोड स्थित ‘राष्ट्रपति निकेतन’ का भव्य उद्घाटन किया और दृष्टिबाधित दिव्यांगजनों के साथ समय बिताकर अपने संवेदनशील और समर्पित नेतृत्व का परिचय दिया। इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति ने ना केवल दृष्टिबाधित बच्चों के साथ संवाद स्थापित किया बल्कि अपने कर-कमलों से Low Vision Glasses और Smart Access Kits भी वितरित कीं। उन्होंने संस्थान में मौजूद छात्रों की विज्ञान प्रयोगशाला और नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगजन किसी भी रूप में कमजोर नहीं हैं, बल्कि समाज के उत्थान में सहभागी और राष्ट्र की शक्ति हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए भारत सरकार द्वारा शिक्षा, रोजगार और कौशल प्रशिक्षण के क्षेत्र में अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, और यह संस्थान उसी उद्देश्य को साकार करने की दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
इस आयोजन के दौरान कई प्रतिभावान छात्रों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं जिनमें कविता, संगीत और गायन शामिल रहा। इन बच्चों में अक्षरा रामा, सौरव शर्मा, सुरेंद्र सिंह जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं जिन्होंने विश्वस्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में राष्ट्रपति को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह राज्य के लिए सौभाग्य की बात है कि राष्ट्र की प्रथम नागरिक आज देवभूमि में दृष्टिबाधित बच्चों के बीच अपना जन्मदिन मना रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण हेतु विशेष योजनाएं चला रही है जिनमें ₹1500 मासिक पेंशन, अभिभावकों को सहायता अनुदान और विशेष स्कूलों का आधुनिकीकरण प्रमुख हैं।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने उद्बोधन में कहा कि दिव्यांगजनों को दया की नहीं, सहयोग और अवसर की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और उनके सशक्तिकरण से ही भारत का समग्र विकास संभव है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राष्ट्रपति भवन में Purple Fest जैसे आयोजन दिव्यांगजनों के जीवन को उजागर करने और समाज को संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से किए जाते हैं।
राष्ट्रपति निकेतन परिसर में 132 एकड़ में फैले देश के पहले Net-Zero सार्वजनिक पार्क ‘राष्ट्रपति उद्यान’ की भी आधारशिला रखी गई, जो पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समावेशिता की दिशा में एक अनूठी पहल है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जहां सभी ने खड़े होकर राष्ट्र के प्रति सम्मान प्रकट किया।