BRICS Women Summit 2026: कल्पना सोरेन को ट्रेलब्लेज़र अवार्ड, महिला सशक्तिकरण में योगदान का सम्मान
BRICS Women Summit 2026: कल्पना सोरेन को ट्रेलब्लेज़र अवार्ड, महिला सशक्तिकरण में योगदान का सम्मान
नई दिल्ली में आयोजित ‘BRICS CCI WE Annual Women Summit & Felicitation 2026’ के दौरान गांडेय विधायक कल्पना सोरेन को प्रतिष्ठित ‘Women Empowerment Trailblazers Award’ से सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम राजधानी के Hyatt Regency में आयोजित हुआ, जहां देश-विदेश की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं।
यह सम्मान उन्हें महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया। इस अवसर पर कल्पना सोरेन ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह झारखंड की हर महिला और उन अनगिनत महिलाओं को समर्पित है, जो अपने परिवार, समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं व्यापार, खेल, विज्ञान, अंतरिक्ष, नवाचार और शासन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। वे केवल विकास की सहभागी नहीं हैं, बल्कि विकास को गति देने वाली शक्ति बन चुकी हैं।
कल्पना सोरेन ने विशेष रूप से हाशिए पर रहने वाले समुदायों की महिलाओं की आवाज को आगे लाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर महिला को अवसर मिलना चाहिए, ताकि वह अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ सके। झारखंड में महिलाओं को अब केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि उद्यमी और बदलाव की नायिका के रूप में देखा जा रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमों के जरिए महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं और समाज में अपनी अलग पहचान बना रही हैं।

कल्पना सोरेन ने अपनी हालिया लंदन यात्रा का अनुभव साझा करते हुए बताया कि University of Oxford जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ रही झारखंड की छात्राओं का आत्मविश्वास और संघर्ष प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि सशक्तिकरण केवल समावेश तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसमें निष्पक्षता भी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि हर महिला को समान अवसर मिल सके।

इस कार्यक्रम में मीनाक्षी लेखी, रक्षा खडसे, अभिषेक सिंह, संजय भट्टाचार्य, शबाना आज़मी और भूमि पेडनेकर सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। यह समिट महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर विचार-विमर्श और सहयोग का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।