Youth Excellence Awards: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिला और युवक मंगल दलों का किया सम्मान, राष्ट्रीय युवा दिवस पर परेड ग्राउंड देहरादून में कार्यक्रम आयोजित
Youth Excellence Awards: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिला और युवक मंगल दलों का किया सम्मान, राष्ट्रीय युवा दिवस पर परेड ग्राउंड देहरादून में कार्यक्रम आयोजित
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला और युवक मंगल दलों को सम्मानित किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले मंगल दलों को क्रमशः ₹01 लाख, ₹50 हजार एवं ₹25 हजार की धनराशि प्रदान की गई। महिला मंगल दल धापला, नैनीताल को प्रथम, महिला मंगल दल सेमा, चमोली को द्वितीय और महिला मंगल दल बनाली, टिहरी गढ़वाल को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं युवक मंगल दल मोख मल्ला, चमोली को प्रथम, युवक मंगल दल सुंदरपुर रैक्वाल, नैनीताल को द्वितीय और युवक मंगल दल चौडीराय, चंपावत को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसके अलावा भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं एवं NSS अवार्ड विजेता युवाओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर NSS द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए ₹02 लाख 24 हजार 320 का चेक मुख्यमंत्री को सौंपा गया। मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए कहा कि वे ऐसे युगद्रष्टा ऋषि थे, जिन्होंने परतंत्रता में जकड़े राष्ट्र में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की चेतना को पुनः प्रज्वलित किया। उनके शिकागो में दिए गए ऐतिहासिक उद्बोधन ने न केवल पश्चिमी जगत को भारत की आध्यात्मिक शक्ति से परिचित कराया, बल्कि विश्व को यह संदेश भी दिया कि सनातन संस्कृति के ज्ञान, विवेक और मूल्यों में मानवता का कल्याण निहित है। उनका युवा शक्ति पर अटूट विश्वास था और वे युवाओं को राष्ट्र के पुनर्जागरण का सशक्त माध्यम मानते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति हमारे राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है, जो अपने परिश्रम, प्रतिभा और संकल्प के बल पर सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के स्वप्न को साकार करने की क्षमता रखती है। इस ऊर्जा को सही दिशा देने और मार्गदर्शन प्रदान करने से देश न केवल आर्थिक महाशक्ति बनेगा, बल्कि पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित हो सकेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही Start up India, Skill India, Digital India, Make in India, Fit India और NEP जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएँ युवाओं को उनके कौशल और क्षमता के अनुसार अवसर प्रदान कर रही हैं।
राज्य सरकार भी युवाओं को सशक्त और सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। नई Start up Policy के माध्यम से राज्य में Start up Culture को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल विकास योजना के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सनातन संस्कृति, चेतना, दर्शन और आध्यात्म की भूमि रही है। स्वामी विवेकानंद ने उत्तराखंड की पावन भूमि में तपस्या कर ज्ञान प्राप्त किया और राज्य में उनके सम्मान में स्वामी विवेकानंद कॉरिडोर बनाने का निर्णय लिया गया है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हर क्षेत्र में कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा और निदेशक खेल डॉ. आशीष चौहान उपस्थित थे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को सम्मानित करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।