UP Government Jobs 2026: योगी सरकार का युवाओं को बड़ा तोहफा, 2026 में डेढ़ लाख से अधिक सरकारी नौकरियों को मंजूरी
UP Government Jobs 2026: योगी सरकार का युवाओं को बड़ा तोहफा, 2026 में डेढ़ लाख से अधिक सरकारी नौकरियों को मंजूरी
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश के युवाओं को एक और बड़ा अवसर देने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2026 में करीब डेढ़ लाख से अधिक सरकारी नौकरियों को मंजूरी दे दी है। हाल ही में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से रिक्त पदों का ब्यौरा तलब किया था, ताकि लंबे समय से खाली चल रहे पदों पर समयबद्ध और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा सके। समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्ष 2026 में बड़े पैमाने पर भर्तियां कर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
इन प्रस्तावित भर्तियों के तहत पुलिस, शिक्षा, राजस्व, स्वास्थ्य, आवास विकास, कारागार, बाल विकास पुष्टाहार सहित कई प्रमुख विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी। सूत्रों के अनुसार सबसे अधिक भर्तियां पुलिस और शिक्षा विभाग में होंगी। अकेले पुलिस विभाग में करीब 50 हजार पदों पर भर्ती की योजना है, जबकि शिक्षा विभाग में भी लगभग 50 हजार पदों पर नियुक्तियां होंगी। इसके अलावा राजस्व विभाग में करीब 20 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में लेखपालों के पद शामिल होंगे। अन्य विभागों में लगभग 30 हजार पदों पर भर्तियां प्रस्तावित हैं।
योगी सरकार के इस फैसले के साथ ही प्रदेश में सरकारी नौकरियों के क्षेत्र में एक नया रिकॉर्ड बनने जा रहा है। वर्ष 2026 तक योगी सरकार उत्तर प्रदेश की पहली ऐसी सरकार बन जाएगी, जिसने अपने दस वर्षों के कार्यकाल में कुल दस लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य हासिल किया हो। पिछले साढ़े आठ वर्षों में ही प्रदेश के युवाओं को विभिन्न विभागों में साढ़े आठ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।
सरकार का दावा है कि इन सभी भर्तियों में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती गई है। भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीक का उपयोग, परीक्षा प्रणाली में सुधार और सख्त निगरानी के चलते युवाओं का सरकार पर भरोसा बढ़ा है। पहले जहां सरकारी भर्तियों पर सवाल उठते थे, वहीं अब पारदर्शी व्यवस्था के कारण प्रदेश के युवाओं में भरोसे का माहौल बना है।
पुलिस विभाग में अब तक करीब 2.19 लाख पदों पर भर्तियां की जा चुकी हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2026 में पुलिस विभाग द्वारा लगभग 30 हजार आरक्षी, 5 हजार उप निरीक्षक और करीब 15 हजार अन्य पदों पर भर्ती की जाएगी। शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक, लेक्चरर, प्रधानाचार्य समेत विभिन्न पदों पर नियुक्तियां होंगी, जिससे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
विभिन्न विभागों में भर्ती से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था भी और सुदृढ़ होगी। कई विभागों में विज्ञापन जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जबकि कुछ विभागों में भर्ती प्रक्रिया शुरू भी हो चुकी है। प्रस्तावित भर्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद योगी सरकार का यह कदम प्रदेश के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज होगा।