Uttarakhand: देहरादून में होमगार्ड्स स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन: जवानों के लिए कई नई घोषणाएँ, उत्कृष्ट सेवा का दिया सम्मान
Uttarakhand: देहरादून में होमगार्ड्स स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संबोधन: जवानों के लिए कई नई घोषणाएँ, उत्कृष्ट सेवा का दिया सम्मान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ननूरखेड़ा, देहरादून में आयोजित होमगार्ड्स स्थापना दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग कर रैतिक परेड का निरीक्षण किया और जवानों के उत्कृष्ट अनुशासन, दमखम और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण को सराहा। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती देते हैं, नागरिकों की सेवा करते हैं और आपदा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण व धार्मिक आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स और नागरिक सुरक्षा विभाग की स्मारिका 2025 और विभागीय कैलेंडर 2026 का विमोचन किया तथा सेवा प्रदत्त और दिवंगत होमगार्ड्स के आश्रितों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने होमगार्ड्स और नागरिक सुरक्षा संगठन के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने होमगार्ड स्वयंसेवकों को वर्दी भत्ता प्रदान करने, राज्य में अंतर्जनपदीय ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड स्वयंसेवकों के लिए भोजन भत्ता 100 रुपए से बढ़ाकर 150 रुपए प्रतिदिन करने की घोषणा की। साथ ही नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों को मिलने वाला प्रशिक्षण भत्ता 50 रुपए से बढ़ाकर 140 रुपए प्रतिदिन करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि यह निर्णय जवानों की कड़ी मेहनत, समर्पण और सेवा भावना को सम्मानित करने के लिए उठाया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार होमगार्ड्स के कल्याण के लिए लगातार संवेदनशीलता के साथ निर्णय ले रही है। पहली बार होमगार्ड जवानों को 12 आकस्मिक अवकाश प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। महिला होमगार्ड्स को प्रसूति अवकाश की सुविधा भी शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों और NDRF की तर्ज पर 9 हजार फीट से अधिक ऊँचाई पर ड्यूटी करने वाले होमगार्ड स्वयंसेवकों को 200 रुपए प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जबकि SDRF के साथ प्रशिक्षित होने वाले होमगार्ड जवानों को 100 रुपए प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि होमगार्ड जवान बारिश, ठंड, गर्मी और आपदाओं जैसी परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करते हैं। यातायात प्रबंधन, कानून व्यवस्था की सुरक्षा और कुंभ-मेला व कांवड़ यात्रा जैसे विशाल आयोजनों को सुचारू रूप से संचालित करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। चारधाम यात्राओं और हरिद्वार में स्थापित होमगार्ड हेल्प डेस्क देश-दुनिया से आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जवानों के मनोबल और सम्मान को सर्वोपरि मानती है तथा उनके हितों के लिए लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और जवानों ने होमगार्ड्स स्थापना दिवस के अवसर पर देश सेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजान दास, सविता कपूर, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, कैलाश पंत, मधु भट्ट, श्यामवीर सैनी, सचिव शैलेश बगौली, डीजीपी दीपम सेठ, डीजी होमगार्ड पी.वी.के. प्रसाद एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।