Ramnagar Jan-Van Mahotsav: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनगर में राज्य स्तरीय जन-वन महोत्सव का किया शुभारंभ
Ramnagar Jan-Van Mahotsav: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनगर में राज्य स्तरीय जन-वन महोत्सव का किया शुभारंभ
रामनगर, उत्तराखण्ड, 06 नवम्बर 2025 – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में रामनगर में आयोजित राज्य स्तरीय जन-वन महोत्सव का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वन्य जीवों और प्रकृति का संरक्षण देवभूमि की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और यह हमारे संस्कारों में समाहित है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जन-वन महोत्सव जनता और जंगलों के बीच अटूट रिश्ते का प्रतीक है और यह सिखाता है कि विकास तभी सार्थक है, जब पारिस्थितिकी और आर्थिकी का संतुलन बना रहे। उन्होंने वर्ष 1973 में चमोली जिले में हुए चिपको आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की महिलाओं ने पेड़ों से लिपटकर पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का संदेश विश्वभर में दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्षों में उत्तराखण्ड ने प्रकृति, संस्कृति और विकास का संतुलन बनाए रखते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार इकोलॉजी, इकोनॉमी और टेक्नोलॉजी के संतुलन पर काम कर रही है। वन्य जीव संरक्षण के लिए जीपीएस ट्रैकिंग, ड्रोन सर्विलांस और डॉग स्क्वॉड जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इको-टूरिज्म मॉडल पर तेजी से काम किया जा रहा है ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके और पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे। बिजरानी, गिरिजा और ढिकुली जोन को विकसित कर हजारों ग्रामीणों को प्रत्यक्ष रोजगार प्रदान किया गया है। नेचर गाइड, ड्रोन पायलट, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर और वाइल्डलाइफ टूरिज्म आधारित कौशल को उद्यम के रूप में विकसित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने नगर वन में विद्यालयों के बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकला और कलाकृतियों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने ग्राम लेती-चोपड़ा को नए राजस्व ग्राम के रूप में विकसित करने, ग्राम भलौन में सिंचाई व पेयजल ट्यूबवेल स्थापित करने, तुमड़िया रोड को मालधन से जोड़ने, महिला जिप्सी चालकों का प्रशिक्षण और नगर वन में लाइट एंड साउंड शो शीघ्र प्रारंभ करने की घोषणाएँ की। रामनगर में सामुदायिक सोवेनियर शॉप के निर्माण से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा।

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार वन और वन्य जीव संरक्षण के साथ स्थानीय आजीविका बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रमुख सचिव, वन आर.के. सुधांशु ने वन संरक्षण, मानव-वन्य जीव संघर्ष की रोकथाम और योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने वन विभाग के विभिन्न प्रभागों और महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधा रोपित किया। कार्यक्रम में विधायक दीवान सिंह बिष्ट, अनुसूचित जाति आयोग अध्यक्ष मुकेश कुमार, प्रमुख वन संरक्षक डॉ. समीर सिन्हा, मुख्य वन संरक्षक (कुमाऊँ) डॉ. तेजस्विनी पाटिल, नगर पालिका अध्यक्ष हाजी मोहम्मद अकरम, क्षेत्र पंचायत प्रमुख मंजू नेगी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित रहे।